
crime,encroachment,municipal,land,ujjain news,
उज्जैन। फाजलपुरा क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर बदमाश छेनू पिता बाबू डबल की निगम की भूमि पर बनी अवैध सरकार होटल पर बुधवार को बुलडोजर चला। सालों से कब्जा कर अपने रसूख के दम पर वो यहां होटल चलवाता था। इंदौर की तर्ज पर भारी पुलिस बल ने निगम गैंग के जरिए इस कार्रवाई को अंजाम दिया। साथ ही निगम की भूमि पर रखी २० गुमटी व अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया गया। अब अन्य पुलिस थानों अंतर्गत भी छेनू जैसे बदमाश व रसूखदारों के अवैध कब्जे जमींदोज होंगे।
बुधवार दोपहर १.३० बजे सीएसपी शकुंतला रूहल के साथ ४० पुलिस जवान फाजलपुरा क्षेत्र पहुंचे। यहां मंडी गेट के सामने कब्जा कर बनी छेनू की सरकार होटल पर कार्रवाई कराई। वहीं इसी कतार में लगी गुमटियों को हटाने के साथ अन्य अतिक्रमण हटवाए। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकान व गुमटी वालों ने विरोध भी जताया। वे बोले कि गरीब हैं, सालों से गुजर बसर कर रहे हैं। किसी को कोई दिक्कत नहीं तो भी हमें बेरोजगार किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान ईई अरुण जैन, सहायक आयुक्त सुबोध जैन, जोन २ अधिकारी राजेशसिंह चौहान, गैंग प्रभारी मोनू थनवार आदि शामिल रहे।
हर थानों में दो स्पॉट लिस्टेड, निगम तस्दीक करेगा
सीएसपी रूहल ने कहा कि प्रत्येक थाने को ऐसे कोई दो स्पॉट लिस्टेड करने के निर्देश दिए हैं। जो भी गुंडे-बदमाश हैं और जिनका क्षेत्र में खौफ है उनके अवैध निर्माण व कब्जे हटाए जाना है। निगम को पत्र भेजे गए हैं। मौके की वैधानिकता की तस्दीक करने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
बड़े निर्माण पर कार्रवाई की दरकार
इंदौर में प्रशासन ने गुंडों के बड़े अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई की थी। इसके बाद भी सीएम ने इसकी प्रशंसा कर डीजीपी को ये कार्रवाई अन्य जिलों में भी करवाने के निर्देश दिए। शहर में भी कई बदमाशों ने रसूख के दम पर शासकीय भूमि या निजी जगह पर अवैध निर्माण कर रखे हैं। निगम व पुलिस प्रशासन को किसी बड़े निर्माण को जमींदोज करना चाहिए ताकि ऐसे तत्वों में खौफ कायम हो सके।

Published on:
04 Apr 2018 10:09 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
