
Ujjain Mahakal Security
Ujjain Mahakal Security: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए शासन ने तैयारी कर ली। आने वाले समय में मंदिर में 488 होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। ये गार्ड मंदिर में दर्शनार्थियों की सुरक्षा से लेकर मंदिर में व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम पर नजर रखेंगे। इससे मंदिर में दर्शनार्थियों से रुपए लेकर नजदीक से दर्शन कराने की वारदात रुक सकती हैं।
19 अगस्त को सीएम मोहन यादव ने धार्मिक न्यास विभाग के लोकार्पण के दौरान घोषणा की थी कि मंदिर की व्यवस्था अब होमगार्ड जवान संभालेगे। इसके लिए 500 होमगार्ड जवानों की भर्ती कर उन्हें मंदिर में तैनात किया जाएगा। इस घोषणा के बाद मंगलवार को सीएम ने कैबिनेट बैठक में 488 होमगार्ड जवानों की भर्ती को मंजूरी दे दी। खास बात यह कि इन 488 होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए उज्जैन जिले के युवाओं को मौका मिलेगा। इसके लिए सालाना 17 करोड़ रुपए का व्यय होगा। हालांकि यह सारा खर्च महाकाल मंदिर समिति उठाएगी। इसके लिए फिलहाल वित्त विभाग की अनुमति बाकी है। वित्त विभाग की औपचारिक अनुमति मिलते ही महाकाल मंदिर में होमगार्ड के सैनिकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मंदिर में सुरक्षा इंतजामों के लिए लगाई गई निजी एजेंसी को हटाया जाएगा या नहीं, इसे लेकर अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है, यहां होमगार्ड जवानों की तैनाती के बाद देखा जाएगा कि मंदिर में निजी एजेंसी की जरूरत है या नहीं। निजी एजेंसी की जरूरत महसूस नहीं होगी तो उन्हें मंदिर से हटा दिया जाएगा।महाकाल लोक की व्यवस्था के लिए निजी एजेंसी पर निर्भर रहने की बात की जा रही है। मंदिर समिति के अधिकारियों का कहना है कि मंदिर से निजी एजेंसी गार्ड हटा दिए जाएंगे तो उन्हें महाकाल लोक में तैनात किया जाएगा।
जिले में होमगार्ड के 650 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 210 पद रिक्त हैं जबकि 35 होमगार्ड जवान पूर्व से महाकाल मंदिर में सुरक्षा इंतजाम के लिए तैनात हैं। जिले में 435 होमगार्ड हैं। इसके साथ ही मंगलनाथ मंदिर में 5 चिंतामण मंदिर में 5 और शनि मंदिर में 4 होमगार्ड तैनात हैं। होमगार्ड कमांडेट संतोष जाट का कहना है कि दो दिन पहले ही रतलाम, मंदसौर और नीमच से 35 होमगार्ड जवानों को उज्जैन बुलवाया है। इन्हें ट्रेनिंग देकर मंगलवार से ही महाकाल मंदिर में तैनात किया है, ऐसे में अब 65 होमगार्ड जवान मंदिर में व्यवस्था संभाल रहे हैं।
होमगार्ड कमांडेंट संतोष कुमार जाट के अनुसार मंगलवार को सीएम ने कैबिनेट बैठक में 488 होमगार्ड जवानों को तैनात करने की घोषणा की। इनकी भर्ती जल्द ही व्यापमं या अन्य परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए आवेदन शासन स्तर पर लिए जाएंगे। परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के बाद महाकाल मंदिर में तैनात किया जाएगा। हालांकि इस प्रक्रिया में फिलहाल 3 से 4 माह का समय लग सकता है।
महाकाल मंदिर और महालोक की सुरक्षा में होमगार्ड की तीन कंपनियां लगाई जाएंगी। इन तीन कंपनियों में 488 जवानों की तैनाती होगी और उनकी ड्यूटी आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगाई जाएगी। परंतु फिलहाल इनकी भर्ती प्रक्रिया होना बाकी है।
संतोष कुमार जाट, कमांडेट
फिलहाल आदेश जारी हुए हैं। मंदिर में ज्यादा गार्ड तैनात रहेंगे तो व्यवस्था बेहतर होगी।
प्रथम कौशिक, प्रशासक मंदिर समिति
Updated on:
5 Mar 2025, 2:04 PM IST
Published on:
5 Mar 2025, 2:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.