
Kanyakubja Brahmin Introduction conference in Ujjain (फोटो-Patrika.com)
MP News: हिंदू समाज द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले परिचय सम्मेलन लव जिहाद (Love Jihad) एवं लिव इन (Live-in relationships) विकृतियों के विरुद्ध खुला शंखनाद है, ये परिवारों का मिलन ही नहीं एक संस्कृति का उत्थान करते हैं। यह बात महामंडलेश्वर शैलेषानंद गिरी महाराज ने उज्जैन में हुए कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज द्वारा रविवार को शर्मा परिसर में आयोजित अभा सर्व ब्राह्मण परिचय सम्मेलन (Kanyakubja Brahmin conference) में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकट किए। उन्होंने समाज की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र गौरव के पुनर्स्थापना दिवस पर परिचय सम्मेलन आयोजित कर समाज ने एक-दूसरे को जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि 1000 वर्ष पूर्व महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर भारतीय संस्कृति को मिटाने का प्रयास किया था, परंतु इसी के साथ सांस्कृतिक पुनर्निर्माण का संकल्प दृढ़ हुआ, जिसे आज संपूर्ण राष्ट्र हिंदू संगम दिवस के रूप में मना रहा है। यह आयोजन उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। अध्यक्षता वागर्थ परमार्थिक कल्याण संस्था के अध्यक्ष अखिलेश महाराज ने की। समाज अध्यक्ष पं ईश्वरचंद्र दुबे ने स्वागत भाषण दिया।
वैवाहिक प्रविष्टियों की संख्या 350 का आंकड़ा पार कर गई। सम्मेलन के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा प्रेषित वीडियो संदेश को भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर शुभकामनाएं दीं। समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अरुण शुक्ला, राष्ट्रीय मंत्री रज्जन अग्निहोत्री एवं आयोजन के सहसंयोजकद्वय अरुण तिवारी, राम मोहन पांडे ने संबोधित किया।
कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए पारिवारिक चर्चा कक्ष में रिश्ते पर चर्चा, पारस्परिक चर्चा की गई। जन्म पत्रिका मिलान का कार्य भी यहां हुआ। समाज के महामंत्री ज्योतिषाचार्य पं अतुल दुबे ने बताया प्रारंभिक आंकलन के अनुसार इनमें से लगभग पचास प्रतिशत संबंध होना संभावित है। समाज के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य पं सतीश दुबे एवं रविंद्र तिवारी ने एक लाख की राशि भेंट कर समाज की ट्रस्टीशिप ग्रहण की। प्रतिज्ञा तिवारी, पत्नी राजेश तिवारी ने 5500/- की राशि भेंट कर समाज की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। (MP News)
Updated on:
12 Jan 2026 03:50 am
Published on:
12 Jan 2026 03:50 am
