22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समय के बदलते चक्र में वैदिक घड़ी से दुनिया जानेगी भारत का समय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विक्रमोत्सव -2024 उज्जैन का किया शुभारंभ, रिजनल इंडस्ट्रीज कान्क्लेव-उज्जैन 2024 एवं उज्जयिनी व्यापार मेले का भी किया श्रीगणेश, विक्रम पांचांग का किया विमोचन। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की 1.29 करोड़ लाभार्थी बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से डाली 1576 करोड़ की राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 2.85 लाख बालिकाओं के खाते में 85 करोड़ की राशि अंतरित की।

2 min read
Google source verification
समय के बदलते चक्र में वैदिक घड़ी से दुनिया जानेगी भारत का समय

समय के बदलते चक्र में वैदिक घड़ी से दुनिया जानेगी भारत का समय

उज्जैन. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समय के बदलते चक्र में उज्जैन में स्थापित दुनिया की पहली वैदिक घड़ी मध्यप्रदेश एवं देश का नाम दुनिया में बढ़ायेगी। अब भारत का समय दुनिया में जाना जाएगा। प्रदेश सरकार सम्राट विक्रामादित्य पर आधारित साहित्य का सृजन करने का प्रयास कर रही है। सम्राट विक्रामादित्य पर हमें सदैव गर्व रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कालीदास अकादमी उज्जैन में संस्कृति विभाग स्वराज संस्थान एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव-2024 रीजनल इंडस्ट्रीज कान्क्लेव उज्जैन-2024, उज्जयिनी व्यापार मेला-2024 का रिमोट से शुभारंभ किया। इस मौके पर एमएसएमई मंत्री चेतन कश्यप, पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र लोधी, सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, सतीश मालवीय, चिंतामण मालवीय तथा महापौर मुकेश टटवाल मंचासीन थे।

नागरिक तंत्र स्थापना के प्रथम पुरुष हैं विक्रामादित्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य द्वारा स्थापित सभ्यता के आदित्य को दुनिया में पहचाना गया है। नागरिक तंत्र स्थापना के प्रथम पुरुष के रूप में सम्राट विक्रामादित्य जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमोत्सव सरकार द्वारा समाज को साथ लेकर चलने वाला उत्सव है। उज्जैन काल गणना की नगरी है। साथ ही महाकाल की नगरी भी उज्जयिनी है। हम सनातन संस्कृति के संवाहक हैं। सनातन संस्कृति पर हमें गर्व है। महाकवि कालीदास ने अपने ग्रंथों/काव्यों के माध्यम से उज्जैन की गौरवगाथा का वर्णन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर अर्ष भारत, वीर भारत, संकल्पन्यास, मण्डला, डिंडोरी, जबलपुर, सतना, आदि जिलों के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तकों, रामराजा शीर्षक से प्रकाशित पुस्तकों और ओरछा के रामराजा सीडी का विमोचन भी किया।

सिंधिया बोले- राणोजी सिंधिया ने कराया महाकाल मंदिर का निर्माण
केन्द्रीय नागरिक उडड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्चुअल उद्बोधन में कहा कि उज्जैन प्राचीन नगरी है। उज्जैन मध्यप्रदेश ही नहीं समूचे विश्व की एक प्राचीन धरोहर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन ही नहीं पूरे प्रदेश का विकास करने का कार्य कर रहे हैं, यह गौरव की बात है। उज्जैन को धार्मिक, आध्यात्मिक केन्द्र ही नहीं व्यापार, व्यवसाय एवं प्रमुख औद्योगिक केन्द्र बनाने का प्रयास भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है। उज्जैन के विकास में सिंधिया परिवार के योगदान उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि महाराजा राणोजी सिंधिया द्वारा महाकाल मंदिर निर्माण करवाया गया था और माधव महाराज द्वितीय ने माधवगंज में फ्रीट्रेड फेयर की स्थापना की थी।

मिनी बाम्बे के रूप में पहचाना जाएगा उज्जैन

उन्होंने कहा कि उज्जैन में अपार संभावनाएं हैं। उज्जैन व्यापार मेले की शुरूआत प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण कदम है। मध्यप्रदेश में कृषि के साथ ही फार्मा इंडस्ट्री, टेक्सटाइल के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। सिंधिया ने कहा कि इन्दौर के बाद उज्जैन मध्यप्रदेश में आने वाले समय में मिनी बाम्बे के रूप में पहचाना जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंचासीन अतिथियों के साथ मां सरस्वती एवं सम्राट विक्रमादित्य के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री पारस जैन, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, नगरनिगम अध्यक्ष कलावती यादव, विवेक जोशी, बहादुरसिंह बोरमुण्डला, जगदीश अग्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल उपस्थित थे।