
हाथों में बोतल लेकर पानी की समस्या बताते अटेंडर।,हाथों में बोतल लेकर पानी की समस्या बताते अटेंडर।,हाथों में बोतल लेकर पानी की समस्या बताते अटेंडर।
इंदरगढ़. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इंदरगढ़ भले ही जिले में अच्छा कहा जाता हो मगर यथार्थ के धरातल पर यहां समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां तक कि अस्पताल में पीने के लिए पानी तक की व्यवस्था नही है। मरीजों के अटेंडरों को सड़क पार करके नगर परिषद की टंकी से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं मेटरनिटी वार्ड में गर्मी के सीजन में कूलर नही लगे है। मरीज के परिवारजन बाजार से कूलर खरीदकर ला रहे है। अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इंदरगढ़ के अंतर्गत आसपास के करीब दो सैंकड़ा गांव आते है। इन गांवो के लोगों को उपचार के लिए इंदरगढ़ अस्पताल आना पड़ता है। लेकिन यहां पर चिकित्सकों का टोटा तो है ही साथ में सुविधाओं का भी अभाव है। अस्पताल में आने वाले मरीजों व अटेंडरों को पीने के लिए पानी तक नसीब नही होता है। वार्ड में लगे पंखे हवा नही देते है। यहां तक कि गर्मी का सीजन खत्म होने के बाद बरसात का सीजन आ गया है अस्पताल प्रबंधन द्वारा वार्डो में कूलर तक लगाना उचित नही समझा। इस कारण मरीजों का गर्मी से हाल बेहाल बना हुआहै।
अस्पताल में नही है पानी की व्यवस्था
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पीने के पानी के लिए लगा वाटर कूलर खराब होने के कारण मरीजों के अटेंडरों को पानी के लिए अस्पताल के बाहर भटकना पड़ रहा है। तब कही जाकर उन्हें पीने के लिए पानी नसीब हो पा रहा है। वैसे भी गर्मी में प्यास अधिक लगती है। ऐसे में अटेंडर या तो अपने घरों से बोतलों में पानी भरकर लाते है और पैसों से पानी खरीदते है। ऐसे में उन्हें काफी समस्या होती है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से समस्या के निराकरण की तरफ ध्यान नही दिया जा रहा है।
वार्ड में नही लगे कूलर
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मेटरनिटी वार्ड में कूलर न होने के कारण यहां भर्ती प्रसूताओं की गर्मी से हालत खराब बनी हुई है। स्थिति यह है कि जो व्यक्ति सक्षम होता है तो वह बाजार से छोटा कूलर खरीदकर अपने मरीज के पलंग के पास लगा देता है। गर्मी के कारण प्रसूताओं एवं उनके नवजात बच्चों को काफी समस्या होती है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से वार्डो में कूलर तक की व्यवस्था नही की गई। ऐसे में मरीज तो परेशान होते ही है वहीं अटेंडरों को भी काफी समस्या होती है।
बाहर से लाते है पानी
ग्राम देलुआ निवासी मालती का कहना है कि वह अस्पताल में अपनी भाभी का प्रसव कराने के लिए आई है। यहां पीने के पानी की कोई व्यवस्था नही है। अस्पताल के बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।
बाजार से खरीदा है कूलर
ग्राम बघनपुरा निवासी पुष्पा का कहना है कि उनकी बहू की डिलेवरी हुई है। वार्ड में कूलर न होने के कारण गर्मी से हालत खराब हो रही थी। कूलर की व्यवस्था न होने के कारण स्वयं पैसे खर्च कर बाजार से नया कूलर खरीदकर लाए है।
सीएम हेल्पलाइन पर की है शिकायत
ग्राम सेंथरी निवासी पूर्व सरपंच रामप्रकाश शर्मा ने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं पर आक्रोश जताया है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की है। ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार हो सके।
समस्याओं का निराकरण करेंगे
अस्पताल में वाटर कूलर खराब होने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो गई थी। वाटर कूलर ठीक करा दिया गया है और वार्डो में कूलर रखे है। आवश्यकता पडऩे पर और कूलर रखवा दिए जाएंगे।
डॉ. वीर सिंह खरे, बीएमओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इंदरगढ़
Published on:
07 Jul 2020 11:00 pm
बड़ी खबरें
View Allदतिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
