25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नौतपा के पहले ही दिन पलटा मौसम: यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश, 80 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

UP Weather Orange Alert: नौतपा शुरू होते ही यूपी का मौसम अचानक क्यों बदल गया? कहीं 47 डिग्री की भीषण गर्मी, तो कहीं तेज आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट। जानिए मौसम विभाग ने क्या बताया और किन जिलों में अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं।

2 min read
Google source verification
UP Weather Update, Orange Alert in UP, Nautapa 2026 Weather, Rain and Storm in UP, Lucknow Weather Forecast

उत्तर प्रदेश में सोमवार रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिनभर भीषण गर्मी और लू झेल रहे लोगों को देर शाम तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। कई जिलों में तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ जगहों पर बारिश के साथ बिजली भी कड़की। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उन्नाव में देर रात तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। मौसम बदलते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने उमस व गर्मी से राहत महसूस की। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि अगले तीन घंटों के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर और बहराइच में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और तूफान की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और हापुड़ समेत कई जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां धूलभरी आंधी, हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

दिलचस्प बात यह है कि सोमवार से नौतपा की शुरुआत भी हो चुकी है। आमतौर पर इस दौरान भीषण गर्मी पड़ती है, लेकिन मौसम में अचानक बदलाव ने लोगों को चौंका दिया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले नौ दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है तथा कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

सोमवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। झांसी में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा जालौन में 45.8, आगरा में 45.5 और प्रयागराज में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। जौनपुर में चलते समय एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक सवार युवक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं लखनऊ में तेज धूप के बीच सड़क पर चल रही एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी हवा के तापमान में बड़ा अंतर बन गया है। इसी वजह से आंधी और बारिश जैसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का प्रभाव भी बना हुआ है। ऐसे में 29 और 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।