9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

8 हजार की नौकरी करने वाला निकला करोड़पति,जमीन-मकान जब्त

पुलिस ने मुख्य आरोपी होजैफा नसीम के डोमनपुरा स्थित मकान और जमीन को कुर्क किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

2 min read
Google source verification

मऊ जिले में करोड़ों रुपये की साड़ी चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी होजैफा नसीम के डोमनपुरा स्थित मकान और जमीन को कुर्क किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

आरोपी पर 2.96 करोड़ रुपये की साड़ियां चोरी करने का आरोप

इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को आरोपी के परिजनों के नाम से बैंक में जमा 83.90 लाख रुपये भी जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया है। पुलिस के अनुसार, होजैफा नसीम पर साड़ी की दुकान और गोदाम से करीब 2.96 करोड़ रुपये की साड़ियां चोरी करने का आरोप है। वह पिछले सात साल से दुकान पर काम कर रहा था और इसी दौरान चोरी की साड़ियों को अपने साथियों की मदद से अलग-अलग ठिकानों पर जमा करता था।

पुलिस ने की कार्रवाई

13 फरवरी 2025 को पुलिस ने आरोपी होजैफा नसीम और उसके साथी साहब अहमद को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से 3619 साड़ियां बरामद की गई थीं, जिनकी कीमत करीब 20.64 लाख रुपये थी। पुलिस ने इस मामले में होजैफा नसीम, उसके पिता नसीम अहमद उर्फ कोठा, भाई हारिस और अन्य साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी से कमाए गए पैसों से जमीन खरीदी और मकान बनवाया था, लेकिन उसके पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं मिला।

एसपी इलामारन जी ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के सामने पेश की गई थी, जिसके बाद संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया गया। पुलिस ने ढोल बजाकर कुर्की की कार्रवाई की और इलाके में मुनादी भी कराई।

हाल ही में पुलिस ने आरोपी के पिता और भाई को भी गिरफ्तार किया था। दोनों पर गिरफ्तारी न होने पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।