14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायबरेली में आग का कहर: दो गाय और सात बकरियां जिंदा जली, चलती डीसीएम जलकर खाक

Rae Bareli: रायबरेली में घर में लगी आग की लपटों में दो गायें और सात बकरियां जिंदा जल गई। एक आदमी भी झुलस गया। एक अन्य घटना में डीसीएम जलकर खाक हो गई।

2 min read
Google source verification
फोटो सोर्स पत्रिका

फोटो सोर्स पत्रिका

Fire wreaks havoc in Raebareli: रायबरेली में आग लगने की घटना में काफी नुकसान हो गया। आग की लपटों में दो गाय और सात बकरियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक गाय की हालत गंभीर बनी हुई है। घर में रखा अनाज भी जल गया है। आग बुझाने के प्रयास में घर का मालिक भी झुलस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन और रिलायंस फैक्ट्री की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। फायर स्टेशन प्रभारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। कुल चार गाड़ियां मौके पर आई थीं। घटना में गाय और बकरियों की भी मौत हुई है। घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र की है। एक अन्य घटना में चलती डीसीएम में आग लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग में सब कुछ स्वाहा

उत्तर प्रदेश के रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंगद का पुरवा मजरे प्यारेपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इसके पहले कि लोग संभल पाते, आग ने देखते-देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें ऊंची-ऊंची उठने लगीं। गांव वालों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरा घर आग की चपेट में आ गया। घर में बंधी दो गायें जिंदा जल गईं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। सात बकरियां भी जिंदा जल गईं।

घर का मालिक भी झुलसा

आग बुझाने के प्रयास में घर का मालिक समरजीत भी झुलस गया, जिसकी पूरी संपत्ति आग में स्वाहा हो गई। घर में रखा गेहूं, धान और सरसों की बोरी जलकर खाक हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। एक के बाद एक मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंचीं। रिलायंस फैक्ट्री से भी एक गाड़ी बुलाई गई।

क्या कहते हैं फायर स्टेशन बछरावां प्रभारी?

फायर स्टेशन बछरावां प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां और एक गाड़ी रिलायंस की मंगाई गई थी। घटना में दो गायों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। सात बकरियां भी जलकर मर गई हैं। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। मौके पर एक पेड़ भी पूरी तरह से जल गया है जब खतरनाक हो गया है। जिसे काटने के लिए कहा गया है।

चलती डीसीएम बनी आग का गोला

एक अन्य घटना रायबरेली-लालगंज मार्ग पर हुई। लालगंज रेल कोच फैक्ट्री के निकट चलती डीसीएम में अचानक आग लग गई। देखते-देखते डीसीएम आग का गोला बन गई। जलती डीसीएम देख चालक ने गाड़ी रोक कर अपने आप को सुरक्षित किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक डीसीएम पूरी तरह से जल चुका था। ‌