
हार्दिक पांड्या और माहिका शर्मा का वीडियो हुआ वायरल
Hardik Pandya Tiranga Controversy: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान का आरोप लगाया गया है। यह मामला टी20 विश्व कप 2026 में भारत की जीत के बाद हुए जश्न से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पांड्या के एक वीडियो से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राणा ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय गृह मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने हार्दिक पांड्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए हैं। इन्हीं में से एक वीडियो को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ है।
शिकायत के अनुसार, वायरल वीडियो में हार्दिक पांड्या को एक महिला के साथ तिरंगा ओढ़े हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है। अधिवक्ता का आरोप है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है। उनका कहना है कि तिरंगा देश की शान और सम्मान का प्रतीक है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इसी वजह से उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि उन्हें शिकायत मिली है और मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो कानून के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा है कि मामला संवेदनशील है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
हार्दिक पांड्या के खिलाफ इस तरह की शिकायत पहले भी दर्ज कराई जा चुकी है। इससे पहले पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने भी उनके खिलाफ शिकायत दी थी। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर इस मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से हार्दिक पांड्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की थी।
शिकायत में कहा गया है कि भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इनमें हार्दिक पांड्या को कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान में दौड़ते और डांस करते हुए देखा जा सकता है। वकील का आरोप है कि एक वीडियो में पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा लिपटा हुआ था। इसी वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।
वकील वाजिद खान बिडकर ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए देश में कानून भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इसी कानून का हवाला देते हुए उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है और मांग की है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनी रहे।
Updated on:
13 Mar 2026 10:19 am
Published on:
13 Mar 2026 10:09 am
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
