
इंस्टाग्राम कमेंट से भड़की गोलीबारी, 10 आरोपी गिरफ्तार। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Bullet Fired Over An Instagram Comment: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ (Aligarh) के थाना क्वार्सी क्षेत्र के नगला पटवारी में 30 अप्रैल की रात दो गुटों के बीच हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामूली सोशल मीडिया विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने इस मामले में गैंग लीडर बाबू उर्फ समीर समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चार अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बाबू उर्फ समीर का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित 6 गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल की रात दोनों पक्ष नगला पटवारी स्थित कब्रिस्तान के पास नाले पर आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान एक पक्ष के अर्श ने अचानक फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में दूसरे पक्ष का समीर नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका भाई फैजान मारपीट में घायल हुआ। घायलों को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां समीर का ऑपरेशन किया गया।
SP सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पूरे विवाद की शुरुआत इंस्टाग्राम पर किए गए एक आपत्तिजनक कमेंट से हुई थी। कमेंट में लिखा गया था—“तेरा बाप मैं हूं।” इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई, जो आखिरकार गोलीबारी तक पहुंच गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बाबू उर्फ समीर इलाके में सक्रिय रूप से एक गैंग चला रहा था। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने घायल समीर की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज करते हुए इस मामले में बाबू उर्फ समीर, अर्श, जावेद, साहिल, अकील, समीर, शमीम, ताजुल, तुफैल और फैजान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही, इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
संबंधित विषय:
Published on:
02 May 2026 12:26 pm
