10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी टूरिस्ट बस, चालक को झपकी आते ही मची चीख-पुकार, चार यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार से प्रयागराज जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

2 min read
Google source verification
budaun news

बदायूं गंगा एक्सप्रेसवे

बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार से प्रयागराज जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चार यात्री घायल हो गए, जबकि करीब 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भेजा गया।

हादसा गांव फिरोजपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 152.8 पर हुआ। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट बस हरिद्वार से श्रद्धालुओं और यात्रियों को लेकर प्रयागराज जा रही थी। सुबह के समय चालक को अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

बस पलटते ही मच गई अफरा-तफरी

बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए तो कुछ लोग खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया।

पुलिस ने निकालकर पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में संगीता (50) पत्नी सुरेशचंद्र, विमला (60) पत्नी सुनील, वीना (60) पत्नी विजयप्रकाश और अनुज (47) पुत्र आलोक कुमार घायल हो गए। सभी घायल प्रयागराज जनपद के निवासी बताए गए हैं। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी वजीरगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को हटवाया और रास्ता साफ कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।