
शादी की सालगिरह पर की युवती ने की आत्महत्या। फोटो सोर्स-ai
Banda News: उत्तर प्रदेशके बांदा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने की शौकीन एक युवती ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना पैलानी थाना क्षेत्र के रेंहुटा गांव की है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने को लेकर विवाद चल रहा था।
हैरानी की बात यह है कि जिस दिन यह घटना हुई, उसी दिन दंपती की शादी की तीसरी वर्षगांठ भी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय यशोदा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक यशोदा को इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील और वीडियो बनाने का काफी शौक था। वह नियमित रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने वीडियो अपलोड करती थी।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति उमाशंकर और यशोदा के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार वालों का कहना है कि कई बार दोनों के बीच इस मुद्दे पर कहासुनी भी हुई थी।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार को दोनों की शादी की तीसरी वर्षगांठ थी। यशोदा ने रात में खाना बनाया और परिवार के साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। बताया जा रहा है कि रात में रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर तनाव की स्थिति बनी थी। इसी बात से परेशान होकर यशोदा ने कथित तौर पर देर रात कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
पति उमाशंकर ने बताया कि वह पेशे से वाहन चालक है और शुक्रवार को एक बुकिंग के तहत बारात लेकर महाबरा गया था। देर रात घर लौटने के बाद वह सो गया। सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने पत्नी को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार यशोदा और उमाशंकर की शादी करीब तीन साल पहले पैलानी थाना क्षेत्र के इछावर गांव स्थित जिउला डेरा में हुई थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं थी। परिवार का कहना है कि यशोदा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी और वीडियो बनाने को लेकर घर में अक्सर तनाव बना रहता था। गांव के लोगों का भी मानना है कि रील और वीडियो बनाने को लेकर पैदा हुआ पारिवारिक विवाद ही इस घटना की बड़ी वजह हो सकता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पैलानी थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। इसके साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया की बढ़ती लत और उससे पारिवारिक रिश्तों पर पड़ रहे असर को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Published on:
10 May 2026 12:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबांदा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
