27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मचाया तांडव, कई लोगों को मारी टक्कर, घटना सीसीटीवी में कैद

सिगरा थाना क्षेत्र में एक कार सवार ने अनियंत्रित होकर साजन तिराहे पर दो राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए है। पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई...

2 min read
Google source verification

वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत साजन तिराहे के पास एक कार द्वारा कई लोगों को टक्कर मारे जाने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर दो लोगों को टक्कर मार दी, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में सिगरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और कार चला रहे व्यक्ति की तलाश कर रही है।

वीडियो में क्या है

जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात एक कार सवार द्वारा कई लोगों को टक्कर मारे जाने का मामला सामने आया है। सड़क हादसे की यह पूरी वारदात चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक लग्जरी कार अनियंत्रित होकर साजन तिराहे पर खड़े दो लोगों को टक्कर मार रही है। टक्कर के बाद सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वैन में कार जाकर लड़ गई, जिसके बाद कार चालक गाड़ी को बैक करके एक ई रिक्शा में साइड से टक्कर मारते हुए भाग गया। टक्कर मारे जाने के बाद चौराहे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

गाजीपुर के रहने वाले हैं घायल

घटना की जानकारी देते हुए सिगरा पुलिस ने बताया है कि बुधवार की रात एक कार ने अनियंत्रित होकर दो लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप घायल हुए हैं। घायलों की पहचान गाजीपुर के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले संजय गुप्ता (48) और गाजीपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले जाहूर अंसारी (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।

क्या बोले थाना अध्यक्ष

पुलिस ने बताया कि घायल संजय गुप्ता से प्राप्त तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है, जिसका नंबर UP 65 BX 0051 है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।