
Pc- patrika
वाराणसी: भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन की टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई ) और एक लाइनमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मंडुआडीह क्षेत्र के रहने वाले शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन की टीम से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों आरोपी शिकायतकर्ता से पैसे लेने पहुंचे हुए थे।
मंडुआडीह के रहने वाले शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ महीनों से उनका बिजली का बिल बकाया था, जिसके बाद विभाग ने घर जाकर उनका कनेक्शन काट दिया। इस समस्या के बाद इसके निराकरण को लेकर वह बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात जेई नवनीत यादव से हुई। नवनीत शुभम के घर पहुंचा और जांच करने लगा। नवनीत ने शुभम को फटकार लगाते हुए कहा, "तुम चोरी से बिजली जलते हो, तुम्हारे ऊपर एफआईआर दर्ज की जाएगी।" इस बात से शुभम घबरा गया और मामले को रफा दफा करने की बात कही। इस दौरान नवनीत ने शुभम से 50 हजार रुपए की डिमांड की। हालांकि, बाद में मामला 20 हजार रुपए पर तय हो गया।
पैसे के जुगाड़ के लिए शुभम ने जेई से कुछ दिनों की मोहलत मांगी, लेकिन जेई लगातार शुभम के ऊपर दबाव बनाकर पैसे की डिमांड करता रहा। शुभम ने परेशान होकर इस घटना की जानकारी एंटी करप्शन को दी और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाया और शुभम को केमिकल लगे नोट थमा दिए। इस दौरान एंटी करप्शन की टीम ने शुभम को मंडुआडीह पावर हाउस के पास जाने को कहा और जेई को भी वही बुलाने को कहा। एंटी करप्शन की टीम की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद शुभम बताए गए स्थान पर पहुंच गया। वहां नवनीत यादव और लाइनमैन लक्ष्मण पहले से ही मौजूद थे और शुभम का इंतजार कर रहे थे।
शुभम ने जैसे ही तय की गई रकम जेई को थमाई वैसे ही वहां मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगे हाथों मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान तलाशी ली गई तो नवनीत यादव की जेब से रिश्वत दिए गए पैसे भी बरामद कर लिए गए। वहीं एंटी करप्शन की टीम को नवनीत की जेब से कुछ और भी पैसे बरामद हुए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। एंटी करप्शन की टीम दोनों को लेकर मंडुआडीह थाने पहुंची। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
10 Apr 2026 05:21 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
