4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम योगी ने विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन, की स्कूल चलो अभियान की शुरुआत

अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम की शुरुआत की...

2 min read
Google source verification

स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम में सीएम योगी

वाराणसी: अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम की शुरुआत की है। वहीं, इस अभियान को देखते हुए विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा 12 स्टॉल भी लगाए गए हैं।

काल भैरव व विश्वनाथ मंदिर में टेका मत्था

अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दौरे के दूसरे दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया है। सबसे पहले वह काल भैरव मंदिर पहुंचे और चौखट को छूकर प्रणाम किया। दर्शन पूजन के बाद वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ का दुग्धाभिषेक भी किया। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ की आरती उतारी।

लगाए गए 12 स्टॉल

दर्शन पूजन के बाद सीएम योगी शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे प्रदेश में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की है। बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत के साथ ही जिले के 5 निपुण विद्यालय और 5 बच्चों को उन्होंने सम्मानित किया है। वहीं, स्कूल परिसर में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा से जुड़े 12 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनका सीएम योगी ने अवलोकन भी किया।

बेसिक शिक्षा मंत्री रहे मौजूद

कंपोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह भी मौजूद रहे। दरअसल, इस अभियान के जरिए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किया जा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों के बीच किताबें, बैग इत्यादि वितरित करने तथा जन जागरूकता फैलाने के लिए सरकार कवायद कर रही है।

आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम जिले स्तर पर किए जाएंगे, जिसमें रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन जागरूकता इत्यादि शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्कूल चलो अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए, ताकि यह जन जन तक पहुंच सके और बच्चों को शिक्षा के लिए जागरूक किया जा सके।

15 अप्रैल तक चलेगा अभियान

स्कूल चलो अभियान के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी स्कूलों में किया जा रहा है। बताया जा रहा है 15 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों और आयोजन के माध्यम से इसका प्रचार प्रसार किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को 2500 रुपए की धनराशि भी आवंटित की है। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और बैग भी निशुल्क वितरित किए जाएंगे।