
दुबई की महफिलों में महकेंगे काशी के फूल
वाराणसी। लंगड़ा आम, हरी मिर्च के बाद काशी से कई फल और सब्जियां संयुक्त अरब अमीरात जा चुकी हैं। बुधवार को काशी के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से वाराणसी स्थित एफपीओ मधुजनसा फ़ीड फार्मर प्रोडूसेर आर्गेनाइजेशन लिमिटेड ने 400 किलो गेंदे का फूल संयुक्त अरब अमीरात भेजा। साथ ही गुलाब का सैंपल भी दुबई भेजे गए हैं। इस कंसाइनमेंट को एपीडा के चेयरमैन अभिषेक देव ने वर्चुअली फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। डबल इंजन की सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। ऐसे में अब सब्जी और फल के किसान के साथ ही साथ फूलों की खेती करने वाले किसानों को भी परवाज मिलेगी।
अब दुबई के त्योहारों और पार्टियों में महकेंगे काशी के फूल
भारत में कहीं भी कोई त्योहार हो या पार्टी या शादी इनमे चार-चांद लगाते हैं फूल, अब यही फूल दुबई में होने वाले त्योहार और पार्टियों में अपनी महक बिखेरेंगे। दुबई में होने वाले आयोजनों की सजावट में काशी के किसानों के फूल चार-चांद लगाएंगे। इस दौरान कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चेयरमैन अभिषेक देव ने कहा कि कृषि उत्पादों के निर्यात में किसान उत्पाद संगठनों (एफपीओ) को जोड़ा जा रहा है। इसका सकरात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक ने बताया कि 200 विशेष डिब्बों में 400 किलो मेरीगोल्ड (गेंदे) का फूल भेजा गया है।
प्रतिमाह जा रहा किसानों का 100 मीट्रिक टन उत्पाद विदेश
वाराणसी स्थित एपीडा के क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक ने बताया कि फूलों की पहली खप दुबई भेजी गई है। वहीं काशी से बड़ी तादाद ने सब्जी और फलों भेजी जा चुकी है। आंकड़ों की मानें तो हर माह 90 से 100 मीट्रिक टन कृषि निर्यात प्रतिमाह किया जा रहा है। वाराणसी स्थित एफपीओ मधुजनसा फीड फार्मर प्रोडूसेर आर्गेनाइजेशन लिमिटेड के जरिए फूलों की खेप निर्यात की गई।
Published on:
15 Nov 2023 09:48 pm
