डॉ अजय कृष्ण चतुर्वेदी
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र के 13वें दौरे में पूरे चुनावी मूड में नजर आए। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की तो वहीं कांग्रेस और सपा-बसपा को करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि काशी के लिए पूर्व की सरकारों ने कुछ भी नहीं किया। गंगा निर्मलीकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर अब तक का जोरदार हमला किया, कहा कि पूर्व की सरकार के जमाने में गंगा स्वच्छता के नाम केवल तिजोरियां भरी गईं जिनका हिसाब भी नहीं मिल रहा अब। वहीं अपनी सरकार के चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की फेहरिश्त गिनाई। इतना ही नहीं हर हर महादेव के उद्घोष तथा काशी विश्वनाथ और भगवान जगन्नाथ का स्मरण एवं भोजपुरी अंदाज से पुरबिया लोगों से सीधा तादात्म्य स्थापित करने की भरपूर कोशिश की।
शनिवार को प्रधानमंत्री जैसे ही राजातालाब पहुंचे उन्होंने सबसे पहले हर-हर महादेव का उद्घोष किया। वह भी ठेठ भोजपुरी अंदाज में। फिरा काशी के महात्मय को समझाने की कोशिश की। साथ ही काशीवासियों को रथयात्रा मेले की बधाई भी दी। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफों के पुल बांधे तो केंद्र सरकार के चार साल के कामों की फेहरिश्त रखी। गंगा का जिक्र आया तो कहा कि पूर्व की केंद्र सरकार ने गंगा के नाम पर खाली तिजोरी भरने का काम किया। पूर्व सरकार के कार्यकाल में गंगा के नाम कुछ भी नहीं किया। तब गंगा में कूड़ा कचरा गिराया जाता रहा। गंगा में पानी का संकट था। इसके विपरीत हमारी सरकार केवल काशी ही नहीं गंगोत्री से गंगा सागर तक गंगा के निर्मलीकरण के लिए ठोस काम कर रही है। ऐसा काम हो रहा है कि जल्द ही गंगा में शहर का कचरा बिल्कुल नहीं गिरेगा। गंगा स्वच्छता के लिए 2100 करोड़ की 200 परियोजनाएं स्वीकृत कर दी गई हैं। इन पर काम शुरू भी हो गया है। फिर लौटे तो कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बने एसटीपी पूरी क्षमता से काम ही नहीं करते थे। अब ऐसे एसटीपी का निर्माण हो रहा है जो हाई स्पीड से काम करेंगे और कम से कम आगामी 15 साल तक पूरी क्षमता से काम करेंगे।
उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने काशी के लिए कुछ भी नहीं किया। कहा कि 2014 के पहले तक इस काशी में जहां-तहां कूड़ा कचरा दिखता था। जर्जर सड़कें थीं, चारों तरफ बिजली के तारों का जंजाल फैला था। चार साल पहले बनारस की पूरी व्यवस्था चौपट थी। जहां तहां सीवर का पानी ओवरफ्लो करता था, जाम की समस्या विकराल थी, गंदगी का अंबार था। यहां उन्होंने 2017 के पहले की प्रदेश की सपा सरकार को भी निशाने पर लिया और कहा कि केंद्र की योजनाओं को लागू ही नहीं होने देते थे। सहयोग तो दूर बाधा डालने में लगे रहते थे। लेकिन जब से जनता ने प्रचंड बहुमत से यूपी में भाजपा की सरकार बनाई, योगी जी के नेतृत्व में विकास ने गति पकड़ ली। यहां वह हाल ही में नोएडा में उद्घाटित मोबाइल फैक्ट्री का जिक्र करने से भी नहीं चूके। कहा कि अब तो योगी जी की टीम ने जो उद्योग नीति व जो निवेश नीति तय की उसका परिणाम जल्द सामने दिखने लगेगा। कारण कि अब कोई विकास में बाधा डालने वाला नहीं है।
उन्होंने काशी की जनता का आभार जताया और कहा कि अब काशी की प्राचीनता भी दिखेगी और आधुनिकता भी। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार इसके लिए पूरी तरह से प्रयत्नशील है। काशी में विकास दिखने लगा है। गंगा हों, घाट हों, मंदिर हों, सड़कें हों, बिजली हो, परिवहन हो सब कुछ दुरुस्त हो गया है। फिर काशी की जनता ने जो मेहमाननवाजी की मिशाल पेश की है उसकी दुनिया भर में चर्चा हो रही है। इतना कहते कहते यह भी कहा कि सांसद होने के नाते मैंने काशी के विकास के लिए पूरे मन से काम किया है, कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा।