
खुद को डॉन बताने वाला हर्ष दुबे, अब पुलिस जुटी तलाश में
वाराणसी. शहर के लंका थाना क्षेत्र के एक मनबढ़ युवक का देसी पिस्टल संग लाइव वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि युवक खुद को 'डॉन' बताता है। इतना ही नहीं डॉन के रूप में खुद को साबित करने के लिए लोगों से बिना कारण झगड़ा-फसाद और मारपीट कर उसका वीडियो बनाता है। उसके बाद लोगों में दहशत फैलाने के लिए वीडियो को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर खुद ही वायरल करता है। उसकी इस हरकत को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने संज्ञन लिया और उसकी तलाश में जुट गई है।
देशी पिस्टल संग वीडियो वायरल करने के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
देसी पिस्टल संग वीडियो वायरल करने वाले युवक की शिनाख्त लंका क्षेत्र निवासी हर्ष दुबे के रूप में की जा रही है। हर्ष के इस कार्य में एक साथी भी जु़ड़ा है जिसका नाम ओम प्रकाश विश्वकर्मा बताया जा रहा है। इन दोनों के विरुद्ध स्वतंत्रता दिवस को लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। तुलसीपुर मोती झील के रहने वाले मुकेश सोनी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दिन उसका भाई अमित लंका स्थित पहलवान लस्सी वाले की दुकान के पास खड़ा था, तभी हर्ष और ओम प्रकाश बिना वजह उसे जबरदस्ती लस्सी की दुकान से सटी गली में खींच कर ले गए। गली में ले जा कर हर्ष और ओम प्रकाश ने नाहक ही अमित को लाठी-डंडे से मारपीटा कर अधमरा कर दिया। इसकी जानकारी होने पर लोग उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए जहां उसे कई टांके लगाए गए। उसके बाद मुकेश की तहरीर पर लंका थाने में हर्ष और ओम प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। लंका इलाके के लोगों का कहना है कि हर्ष अक्सर ऐसी हरकतें करता रहता है।
अब खुलेगी हिस्ट्रीशीट और गुंडा एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
इस संबंध में एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि लंका इंस्पेक्टर को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। उसके विरुद्ध लंका थाने में जो मुकदमा दर्ज हुआ है, उसमें जानलेवा हमले की धारा बढ़ाई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के साथ ही गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी। उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए लंका थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुलेगी।
Published on:
20 Aug 2022 06:47 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
