
SC Order on Bulldozer Action: बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हम स्वागत करते हैं, जो लोग भाईचारा और प्यार चाहते हैं, वो इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं।
अजय राय ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय का हम सब स्वागत और अभिनंदन करते हैं। इस देश और प्रदेश में जो लोग भाईचारे को चाहते हैं, वो सब आज के फैसले पर खुश हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सीएम योगी के जंगलराज पर ब्रेक लगाया है और निश्चित तौर पर यहां कोई नियम-कानून नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रदेश में जंगलराज है और सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगाई है और यहां तक कहा है कि जो अधिकारी इसमें शामिल रहे हैं, उनसे पैसा वसूला जाए और सरकार पीड़ितों को मुआवजा दे।"
अजय राय ने सीएम योगी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "सीएम योगी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए गलत बात बोली है। मैं इतना ही कहूंगा कि खड़गे एक मजबूत और एक बहादुर नेता हैं, जिन्होंने इस देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। सीएम योगी जो भी आरोप लगा रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है।"
उन्होंने यूपी में जारी पोस्टर वार को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "लूट तो पूरी तरीके से भाजपा में चल रही है। इनके एक पूर्व मंत्री मोती सिंह ने खुलेआम मीटिंग में कहा था कि तहसील, ब्लॉक और थाने सब बिके हुए हैं और सभी जगह लूट चल रही है। ये बात इनके लोगों ने ही कही है। भाजपा की सरकार में लूटतंत्र और जंगलराज चल रहा है।"
Updated on:
14 Nov 2024, 10:39 AM IST
Published on:
14 Nov 2024, 9:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.