Akansha Dubey Suicide Case: 26 मार्च को भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की लाश सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटके मिली थी। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया था। आज तड़के सुबह समर सिंह को गाजियाबाद के चार्म्स कैसल सोसायटी राजनगर एक्सटेंशन से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आकांक्षा यूपी के भदोही जिले के बरदहां गांव क रहने वाली थीं। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए वाराणसी आई थीं। चर्चा छिड़ी कि जिस समय सारनाथ थाने में समर सिंह के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा था उस समय वह गोरखपुर में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा था। गिरफ्तार होने से पहले उसके थाईलैंड और नेपाल भाग जाने की भी आशंका जताई गई लेकिन अरेस्ट होने के बाद उन सभी अफवाहों पर फूल स्टॉप लग गया।
आइए समर सिंह की पूरी कहानी को जानते हैं…
समर सिंह आजमगढ़ का रहने वाला है, पिता का 24 साल पहले मर्डर हो गया था
भोजपुरी सिंगर समर सिंह आजमगढ़ जिले के मेंहनगर मोहल्ले का रहने वाला है। वह 3 भाई है। तीन भाइयों में सबसे छोटा समर ही है। पिता की 1999 में हत्या हो गई थी। समर का सबसे बड़ा भाई सुरजीत सिंह घर पर ही रह कर खेती बाड़ी करता है।
दूसरे नंबर का भाई समर सिंह के काम में हाथ बंटाता है साथ ही साइड बिजनेस भी करता है। इस समय उसका घर से कोई बहुत लेना-देना नहीं है। 4-5 महीने पर कुछ घंटों के लिए घर जाता है। अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में समर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कस्बे में हलचल जरूर देखने को मिल रही है।
समर की गिरफ्तारी, केस CBI को सौंपने के लिए आकांक्षा के गांव वालों ने दिया था धरना
आकांक्षा दुबे की मौत के बाद उनके गांव बरदहा में मामले को लेकर गुस्सा पनपने लगा। आरोपियों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग के समर्थन में एक हफ्ते पहले बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने चक्काजाम किया था। लेकिन, पुलिस की मुस्तैदी से कोई बड़ी अनहोनी की घटना नहीं हो सकी।
आकांक्षा की मां मधु दुबे से मिलने के लिए भोजपुरी इंडस्ट्री के ढेरों लोग पहुंच रहे हैं। जिनमें अभिनेत्री अक्षरा सिंह और पवन सिंह भी शामिल हैं।
आकांक्षा दुबे के पैतृक गांव जाकर इन दोनों ने उनकी मां को न्याय की लड़ाई लड़ने में उनके साथ रहने का भरोसा दिलाया।