
वृहस्पति ग्रह
वाराणसी. वृहस्पति ग्रह 9 मार्च 2018 को तुला राशि में वक्री होने के बाद अब 10 जुलाई 2018 को फिर तुला राशि में मार्गी होगा। सुख, सौभाग्य, पद, प्रतिष्ठा, धन, सामाजिक सम्मान और वैवाहिक जीवन को सफल बनाने वाला यह ग्रह बृहस्पति आषाढ़ कृष्ण द्वादशी दिनांक 10 जुलाई 2018, मंगलवार को रात्रि 10 बजकर 46 मिनट पर मार्गी हो रहा है।
बता दें कि वक्री होने के बाद इस ग्रह ने लगभग 123 दिनों तक अपने वक्रत्व काल में सभी राशि वालों के जीवन में उथल-पुथल मचाई है। अब उन सभी राशियों को 10 जुलाई से बृहस्पति का शुभ प्रभाव मिलने वाला है। बृहस्पति को धन का कारक ग्रह भी माना गया है। यदि किसी जातक की जन्मकुंडली में बृहस्पति शुभ स्थान पर हो तो व्यक्ति को धनवान बना देता है। यह ग्रह संतान और ज्ञान का कारक भी माना गया है। बृहस्पति के मार्गी होने से कई राशियों पर धन की वर्षा होने की संभावना है।
मेष राशि
वृहस्पति ग्रह के मार्गी होने से मेष राशि के जातक को दांपत्य सुख मिलेगा। जीवनसाथी के साथ संबंधों में सुधार आएगा। यह भाग्य स्थान भी कहलाता है इसलिए गुरु के मार्गी होने से मेष राशि वालों का भाग्योदय होगा। आय के एक से अधिक स्रोत प्राप्त होंगे। रूका हुआ धन प्राप्त होगा। क्योंकि इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति सप्तम स्थान में मार्गी हो रहे हैं।
वृषभ राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति छठे भाव में मार्गी होंगे। इनके लिए अभी तक का समय भले ही काफी कष्टप्रद रहा हो लेकिन अब आने वाला समय आपकी सारी समस्याओं का समाधान लेकर आएगा। धन की कमी दूर होगी। रूके कार्यों में प्रगति होगी। नया कार्य व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं। स्वास्थ्य संबंधी सारी परेशानियां खत्म हो जाएंगी।
मिथुन राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति पंचम स्थान में मार्गी होंगे। यह व्यापार का विस्तार करेंगे। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन, वेतनवृद्धि मिलने वाली है। विद्यार्थियों को सफलता मिलेगी। इस राशि के जो विद्यार्थी पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाह रहे हैं, उनके लिए भी अच्छे योग बन रहे हैं। इस राशि वालों को शेयर मार्केट, प्रॉपर्टी में निवेश या लॉटरी जैसी चीजों से अचानक बड़ी मात्रा में धन प्राप्त होने के संकेत हैं।
कर्क राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति चतुर्थ स्थान पर मार्गी हो रहा है। इसलिए कर्क राशि वालों के सुख, सौभाग्य में वृद्धि होगी। अटके काम पूरे हो जाएंगे। भूमि, भवन, संपत्ति, वाहन संबंधी कार्यों में सफलता मिलेगी। जिन लोगों के पास अपना खुद का मकान नहीं है, उनके अपने भवन की रूपरेखा बनेगी। अविवाहितों के विवाह की बात अब बन सकती है। दांपत्य जीवन में चल रही अनबन भी दूर हो जाएगी। प्रेम प्रसंग में सफलता मिलेगी।
सिंह राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति तृतीय स्थान में मार्गी हो रहा है। यह भाई-बंधुओं का स्थान है। बृहस्पति के मार्गी होने से भाई-बंधुओं से चल रहा पारिवारिक विवाद निर्णायक स्थिति में पहुंच जाएगा। खासकर संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में आपको लाभ होगा। इस राशि के विद्यार्थियों को बृहस्पति के मार्गी होने से प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। सिंह राशि के लिए बृहस्पति का मार्गी होना तो शुभ है, लेकिन अभी शनि भी वक्री चल रहे हैं इसलिए कुछ मामलों में परेशानी कर सकती है।
कन्या राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति द्वितीय स्थान यानी धन भाव में मार्गी हो रहे है। इसका शुभ प्रभाव इस राशि वालों को मिलेगा। आर्थिक परेशानियां चुटकी में खत्म होंगी। उधार दिया पैसा लौट आएगा। आय के नए साधन प्राप्त होंगे। नौकरीपेशा को तरक्की मिलेगी। व्यापारी वर्ग अपने कार्य का विस्तार करेंगे। इस राशि के जिन युवक-युवतियों के विवाह में आ रही बाधाएं दूर हो जाएंगी।
तुला राशि
इस राशि के लिए लग्न स्थान यानी प्रथम भाव में बृहस्पति मार्गी होंगे। जिन लोगों का स्वास्थ्य अब तक खराब चल रहा था उसमें सुधार आएगी। बीमारियों पर हो रहे खर्च में कमी आएगी। साथ ही जो लोग कोर्ट-कचहरी के मामलों में उलझे हुए हैं वे राहत की सांस लेंगे। तुला राशि के जातकों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि वे 11 अक्टूबर तक किसी भी तरह के विवाद में न पड़ें। किसी भी हाल में कर्जा लेने से भी बचें, अन्यथा कर्ज में फंसते चले जाएंगे।
वृश्चिक राशि
इस राशि के जातकों के लिए बृहस्पति का मार्गी होना अत्यंत शुभ साबित होने वाला है। इस राशि वालों का भाग्य चमकने वाला है। अचानक कहीं से खूब सारा पैसा आ सकता है। यदि कोई नया व्यापार शुरू किया है तो उसमें लाभ मिलने लगेगा। लॉटरी, शेयर बाजार आदि में लाभ मिलेगा। कानूनी मामलों में जीत मिलेगी। इस राशि वाले बृहस्पति के शुभ प्रभाव से धार्मिक यात्रा पर जाएंगे। दान-धर्म में रुचि बढ़ेगी।
धनु राशि
इस के लिए बृहस्पति एकादश स्थान में मार्गी होगा जो आय स्थान या लाभ स्थान है। इसलिए इस राशि वालों की आय में वृद्धि होने वाली है। धनु राशि पर अभी शनि की साढ़ेसाती चल रही है, और धनु राशि का स्वामी बृहस्पति है इसलिए साढ़ेसाती के बावजूद इस राशि वालों को लाभ होगा। पारिवारिक संबंधों में सुधार आएगा। अविवाहितों के विवाह की बात बन जाएगी। संपत्ति संबंधी कार्यों से लाभ मिलेगा। विदेश यात्रा के योग बन रहे हैं।
मकर राशि
इस राशि वालों के लिए दशम स्थान में बृहस्पति मार्गी हो रहे हैं। इस राशि के लिए बृहस्पति का मार्गी होना अत्यंत लाभदायक रहेगा। बड़ा पद, सम्मान, वेतन वृद्धि मिलने के योग बन रहे हैं। मेहनत के अनुरूप शुभ परिणाम मिलने का समय आ गया है। अब तक यदि आप धनाभाव से जूझ रहे हैं तो अब धन की कोई कमी नहीं रहेगी। बड़ी आर्थिक सफलता के योग हैं। लेखन और फिल्मों से जुड़े लोग भी सफलता के पथ पर आगे बढ़ेंगे।
कुंभ राशि
इस राशि वालों के लिए बृहस्पति नवम स्थान में मार्गी होंगे। यह आर्थिक सम्पन्न्ता की ओर इशारा कर रहा है। नवम भाव कर्म स्थान है इसलिए अब तक की मेहनत का परिणाम अब मिलने वाला है। कम मेहनत में अधिक सफलता का योग बन रहा है। बृहस्पति की सीधी चाल आपकी तिजोरी पैसों से भर सकती है। शेयर मार्केट, लॉटरी, वायदा कारोबार या प्रॉपर्टी के बिजनेस से बड़ा लाभ कमाएंगे।
मीन राशि
इस राशि वालों के लिए अष्टम स्थान में बृहस्पति मार्गी होंगे। अभी तक इस स्थान में वक्री चल रहे बृहस्पति के कारण जीवन में कई तरह की परेशानियां आ रही थी जो अब दूर हो जाएंगी। मान-सम्मान, पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। संतान की ओर से कोई उत्साहजनक समाचार मिलेगा। शत्रुओंका शमन होगा। स्वास्थ्य में सुधार आएगा। बेवजह के खर्चों पर पाबंदी लगेगी।
Published on:
05 Jul 2018 12:14 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
