9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Varanasi News : BJP सांसद नीरज शेखर के साले की होटल में मिली लाश, आखिर कैसे हुई मौत?

Varanasi News : सांसद नीरज शेखर के साले की मौत के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रहा। वहीं देर शाम पहुंचे परिजनों ने थाने में किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी और शव का अंतिम संस्कार कर झारखंड लौट गए।

2 min read
Google source verification
Varanasi Crime Latest News

सांसद नीरज शेखर के साले की वाराणसी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, TFC में हुआ हादसा

वाराणसी। झारखंड से वाराणसी अपने दोस्तों के साथ आये सांसद नीरज शेखर के साले पवन कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में होटल की खिड़की से गिराने से मौत हो गयी। पवन ठेकेदारी का काम करते थे और अपने दोस्तों रणजीत कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, जंयत कुमार सिंह के साथ ट्रेड फेसिलिटी सेंटर (TFC) में स्थित होटल में दो कमरे लेकर ठहर थे। मंगलवार तड़के हुए इस हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। परिजन बुधवार को शव का अंतिम संस्कार कर वापस झारखंड रवाना हो गए हैं।

दोस्तों संग पहुंचे थे वाराणसी

सांसद नीरज शेखर के साले पवन कुमार सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ वाराणसी पहुंचे थे। मंगलवार की सुबह होटल के फ़ूड कोर्ट में शव देखकर सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर शिवपुर पुलिस पहुंची और मौके की स्थिति को देखते हुए तुरंत फारेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित करवाए। मृतक की पहचान पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह के पुत्र नीरज शेखर के साले पवन के रूप में हुई।

कमरा नंबर 317 में रुके थे पवन

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची डीसीपी वरुणा आरती सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और पवन के दोस्तों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पवन सिंह जलकल के ठेकेदार थे और ईस्ट सिंहभूमि के परडीह चेकपोस्ट एनएच 33 मारगो आजाद नगर के निवासी थे। वो अपने दोस्तों के साथ वाराणसी किसी काम के सिलसिले से आये थे और होटल के तीसरे फ्लोर पर रूम नंबर 317 में रुके थे।

साथ में रुके थे जमशेदपुर के रणजीत

डीसीपी वरुणा ने बताया कि पवन अपने तीन मित्रों के साथ यहां पहुंचे थे। रूम नंबर 317 में पवन के साथ उनके मित्र जमेशदपुर के रणजीत कुमार सिंह रुके थे। वहीं रूम नंबर 316 में नवीन कुमार सिंह और जंयत कुमार सिंह रुके थे। सभी से पूछताछ की गयी है और शव को परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों ने किया दाह संस्कार

पुलिस की सूचना पर मंगलवार की शाम में ही परिजन वाराणसी पहुंच गए थे। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी शिवपुर ने patrika.com को बताया कि परिजनों ने वाराणसी में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया और इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार का प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। परिजनों ने उनके सभी दोस्तों को भी निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्होंने आत्महत्या ही की है और वो किसी पर कोई केस नहीं करना चाहते।