17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद

विवाद में अहमदाबाद शहर पुलिस, अधिकारी के कार्यालय में बर्थ डे मनाने का वीडियो वायरल

अहमदाबाद शहर पुलिस अधिकारी के कार्यालय में जन्मदिन मनाने, केक काटने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस पर राजनीति भी गरमा गई।

Google source verification

अहमदाबाद शहर पुलिस एक बार फिर विवादों में घिर गई है। शहर पुलिस अधिकारी के कार्यालय में जन्मदिन मनाए जाने, केक काटने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में पुलिस अधिकारी जन्मदिन की बधाई देते हुए सुनाई दे रहे हैं। दरअसल, यह विवाद इसलिए और बढ़ गया क्योंकि जिस व्यक्ति का जन्मदिन था वह भाजपा नेता है। ऐसे में पुलिस अधिकारी के कार्यालय में भाजपा नेता का जन्मदिन मनाने, केक काटने का वीडियो सामने आया तो गुजरात कांग्रेस के नेताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसके जरिए गुजरात सरकार के साथ-साथ अहमदाबाद शहर पुलिस पर निशाना साधा। विवाद इतना बढ़ गया कि अहमदाबाद शहर पुलिस को भी इस मामले में अपनी सफाई देनी पड़ी।यह घटना 23 जून की बताई जा रही है। शहर के दरियापुर थाना परिसर में स्थित एफ डिवीजन एसीपी कार्यालय में यह जन्मदिन मनाने और केक काटने की बात कही जा रही है। वीडियो में भाजपा नेता हिमांशु भाई का जन्मदिन होने से वे और भाजपा नेता योगेश गढ़वी व इलाके की उपायुक्त सह आईपीएस अधिकारी डॉ.कानन देसाई केक काटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान इलाके के थानों के कुछ पुलिस निरीक्षक व अन्य पुलिस कर्मचारी भी उपस्थित थे। ये सभी हिमांशु भाई को जन्मदिन की शुभेच्छा देते भी सुनाई दे रहे हैं।

पुलिस अधिकारी के कार्यालय को भाजपा कार्यालय बनाने का आरोप

गुजरात विधानसभा में कांग्रेस के नेता अमित चावड़ा ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए सरकार व पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि कमलम् (भाजपा कार्यालय) के वेतनधारक की तरह काम करते पुलिस अधिकारियों ने पुलिस स्टेशन को ही कमलम बना दिया। जनता की सुरक्षा करने के बदले पीआर-पब्लिसिटी में लीन पुलिस अधिकारियों की यह हरकत शर्मनाक है। गुजरात की जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाले पुलिस स्टेशन कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए हैं या कमलम के पार्टी हॉल हैं? मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी को इस मामले में जवाब देना चाहिए।

जन्मदिन पार्टी नहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम की थी बैठक

शहर पुलिस की ओर से कंट्रोल रूम उपायुक्त कोमल व्यास की ओर से इस मामले में स्पष्टता की गई कि वायरल वीडियो में जन्मदिन पार्टी मनाए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन यह भ्रामक है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं। 23जून को दरियापुर थाने में रक्तदान का कार्यक्रम था। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए एक बैठक थी। एफ डिवीजन एसीपी का कार्यालय भी थाना परिसर में है। बैठक में स्थानीय अग्रणी नुसरत जहां शेख तीन केक लेकर आई थीं। ताकि इस माहौल को सेलिब्रेट किया जा सके। इस बीच योगेश गढ़वी ने कहा कि हिमांशु के जन्म दिन पर उन्हें शुभकामना दी गई थी। उनके जन्मदिन के लिए केक नहीं काटा गया था।