
ई-कॉमर्स वेबसाइट को हैक कर लाखों रुपए के उत्पाद को एक-दो रुपए में खरीदकर वेबसाइट को चपत लगाने वाले शातिर गिरोह का अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है।बापूनगर इलाके में दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से मंहगे फोन, लैपटॉप, वाईफाई राउटर सहित 3.31 लाख का मुद्दामाल, अहम बिल और दस्तावेज बरामद हुए हैं। यह गिरोह दो साल से सक्रिय था। अब तक करीब सात करोड़ रुपए ठगने की बात सामने आई है। इस प्रकार से ठगी का यह पहला मामला है।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त अजीत राज्यान ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बापूनगर सोनेरिया ब्लॉक के सामने अश्वमेघ टेनामेंट निवासी विजय वाघेला, बापूनगर गुजरात हाऊसिंग बोर्ड निवासी नितेश उर्फ छोटू मडता और रखियाल रामी की चाली निवासी आदिल परमार शामिल हैं।