अहमदाबाद शहर के ख्याति अस्पताल में जरूरत के बिना ही एंजियोप्लास्टी करने के चलते बीते साल 11 नवंबर को हुई दो मरीजों की मौत मामले में वांछित मुख्य आरोपी कार्तिक पटेल को क्राइम ब्रांच ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पूछताछ और अब तक की जांच में इसको लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। इसमें सामने आया कि कार्तिक पटेल (60) को कोरोना महामारी के समय कोरोना हो गया था। उस समय उसे अहमदाबाद शहर के किसी भी हॉस्पिटल में भर्ती होने के लिए जगह नहीं मिली।
यह बात इसे इतनी खली कि इसने खुद की हॉस्पिटल शुरू करने का निर्णय किया। इसके तहत वर्ष 2021 में यह राजपथ क्लब के सामने बोडकदेव में स्थित एशियन बेरियाटिक एंड कॉस्मेटिक हॉस्पिटल में हिस्सेदार बन गया। इसके बाद इस अस्पताल के हिस्सेदार हॉस्पिटल से निकल गए तो इसने अन्य के साथ मिलकर अस्पताल का नाम ख्याति मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल रख दिया। खुद इसका संचालन करने लगा। अस्पताल में मुनाफा कमाने के लिए पीएमजेएवाई योजना का लाभ लेने के लिए गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों को अस्पताल बुलाता और फिर जरूरत के बिना ही पीएमजेएवाई कार्ड पर मुफ्त में इलाज करने की बात कहकर ऑपरेशन, सर्जरी करता था। तीन हजार से ज्यादा मरीजों का इसने पीएमजेएवाई योजना के तहत इलाज किया है। इसके और अस्पताल के 37 से ज्यादा बैंक अकाउंट मिले हैं, जिसकी फोरेंसिक ऑडिट की जा रही है।