अंगदान के क्षेत्र उल्लेखनीय कार्य करने के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल को एक और अवार्ड मिला है। दिल्ली में हाल ही में आयोजित भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के हेल्थ केयर एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव के हाथों सिविल अस्पताल को यह अवार्ड प्रदान किया गया है।सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने यह अवार्ड स्वीकार किया। डॉ.जोशी ने बताया कि ऑर्गन डोनेशन क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य के चलते यह अवार्ड मिला है। यह उपलब्धि गुजरात के स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव की बात है। सिविल अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यु ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन (सोटो) की टीम व चिकित्सा कर्मियों की ओर से अंगदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य संभव हो रहे हैं। पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों में ब्रेन डेड मरीजों के किए गए अंगदान में सबसे अधिक 310 किडनी का दान किया जा चुका है। इसके अलावा 149 लिवर, 52 हृदय, 30 फेफड़े, नौ पेंक्रियाज, दो छोटी आंत, पांच त्वचा, 116 आंखों का दान मिला है।