Ahmedabad. प्रेम संबंध के बाद परिजनों की रजामंदी से तीन साल पहले जिस महिला से विवाह किया, उसी को (पत्नी) को पति ने मौत के घाट उतार दिया। हत्या की बात छिपाने की भी कोशिश की, लेकिन बेटी के शव को देख पिता को शंका हुई। उनकी सतर्कता के चलते कराए गए पोस्टमार्टम से हत्या का खुलासा हुआ। जिस पर साबरमती पुलिस ने आरोपी पति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डी.वी.राणा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि यह घटना चार अप्रेल को सुबह पौने 11 बजे न्यू राणीप में स्वामीनारायण मंदिर के पास स्थित पर्ल-78 नाम की इमारत में हुई। यहां हर्ष प्रजापति उनकी पत्नी कोमल प्रजापति के साथ रहते हैं। गांधीनगर जिले के वडसर गांव के मूल निवासी हाल एलिसब्रिज भूदरपुरा गाम घंटीवालो वास निवासी ईश्वर ठाकोर (65) ने चार अप्रेल को शिकायत दी कि उनकी बेटी कोमल प्रजापति (35) का शव उसके पति हर्ष प्रजापति के न्यू राणीप स्थित घर में शंकास्पद स्थिति में है। उन्हें मौत पर शंका है। सूचना से पुलिस ने कोमल के शव को कब्जे में लिया और पांच अप्रेल को डॉक्टरों के पैनल से किए गए पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना आया। जिससे इस संबंध में कोमल के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति हर्ष प्रजापति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य युवती से थे अवैध संबंध, तलाक का दबाव राणा ने बताया कि आरोपी की पूछताछ और प्राथमिक जांच में सामने आया कि हर्ष प्रजापति गांधीनगर के उवारसद में स्थित एक हॉस्पिटल में काम करता है। उसका किसी युवती के साथ अवैध संबंध है। ऐसे में वह पत्नी कोमल से तलाक लेने के लिए उससे झगड़ा करता था। अवैध संबंध का पता चल जाने से पत्नी कोमल से झगड़े हो रहे थे। जिससे कोमल कुछ दिन पहले उसके मायके चली गई थी। उसने महिला थाने में शिकायत भी दी थी, बाद में पति-पत्नी में समाधान हो गया। 4 अप्रेल की सुबह 10.45 बजे पति, पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ, जिसमें हर्ष ने गला दबाकर कोमल की हत्या कर दी।
पत्नी को चक्कर आने से गिरने की बताई कहानी राणा ने बताया कि हर्ष ने परिजनों को बताया कि कोमल बाथरूम से बाहर निकली और चक्कर आ गया, जिससे वह अचानक गिर गई। बेहोश हो गई, उसके बाद उसकी मौत हो गई। कोमल के परिजनों को इस बात पर शंका हुई, उन्होंने पुलिस को बुलाया और पीएम कराया। उसमें हत्या का कारण गला दबाने से मौत सामने आया। कोमल का हर्ष से दूसरा विवाह था। इनके एक बच्चा भी है।