
Ahmedabad. गुजरात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शनिवार को सेंट्रल जीएसटी के सुप्रीटेंडेंट अमरनाथ सरोज और इंस्पेक्टर सुबोध चौहान को 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है।एसीबी के तहत उन्हें इस संबंध में शिकायत मिली थी,जिसके आधार पर टीम ने शनिवार को खेड़ा जिला मुख्यालय नडियाद में स्थित सेंट्रल जीएसटी के कार्यालय में जाल बिछाया। वहां पर दोनों को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
एसीबी ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि उन्हें इस संबंध में शिकायत मिली है। ट्रांसपोर्ट का व्यापार करने वाले एक व्यक्ति की ओर से दी गई शिकायत में कहा है कि उनकी सामान भरी हुई गाडि़यों को सेंट्रल जीएसटी अधिकारियों की ओर से पकड़ा गया है। इन गाडि़यों को जीएसटी नडियाद में ले जाया गया है। ऐसे में शिकायतकर्ता इन गाडि़यों को छुड़वाने के लिए नडियाद स्थिति सेंट्रल जीएसटी कार्यालय गए थे। आरोप है कि वहां पर उनकी गाड़ी और माल सामान के कागजातों में कमियां निकालते हुए सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर सुबोध चौहान ने और सुप्रीटेंडेंट अमरनाथ सरोज ने उनके पास से रूबरू में 55 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। इसमें से पहले हफ्ते के रूप में 10 लाख रुपए देने के लिए कहा। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिससे उन्होंने इसकी शिकायत टोलफ्री नंबर 1064 पर संपर्क किया।
गांधीनगर एसीबी टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने पर शनिवार को गांधीनगर एसीबी के पीआइ डी.ए.चौधरी एवं उनकी टीम ने जाल बिछाया। जिसे तहत सेंट्रल जीएसटी भवन नडियाद में आरोपी सुप्रीटेंडेंट और इंस्पेक्टर दोनों को रिश्वत के संबंध में शिकायतकर्ता से बातचीत करने और फिर 10 लाख की राशि स्वीकार करते हुए टीम ने रंगेहाथों पकड़ लिया। इस संबंध में एसीबी ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की है।