
अहमदाबाद. गुजरात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गांधीनगर जिला कलक्टर कार्यालय के जमीन आवंटन विभाग के उप तहसीलदार बिपिनचंद्र परमार सहित दो लोगों को 4.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते शुक्रवार को रंगेहाथों पकड़ा है।एसीबी के तहत शिकायत के आधार पर एसीबी गांधीनगर थाने के पीआइ के.के.देसाई एवं उनकी टीम ने शुक्रवार को गांधीनगर कोर्ट पार्किंग के पास कार्रवाई की।मामले के तहत शिकायतकर्ता ने एक व्यक्ति के मकान का प्रोपर्टी कार्ड बनवाने के लिए कलक्टर कार्यालय के जमीन आवंटन विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि इस मामले में प्रोपर्टी कार्ड के लिए विभाग की सकारात्मक रिपोर्ट देने और कागजातों में कोई कमी नहीं निकालने के लिए उप तहसीलदार बिपिनचंद्र परमार के कहने पर निवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दिनेश वाळंद ने शिकायतकर्ता के पास से 9.50 लाख रुपए की मांग की। इसमेें से 4.50 लाख रुपए पहले देने के लिए कहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे, जिससे उन्होंने एसीबी में इसकी शिकायत की। इसके आधार पर शुक्रवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और गांधीनगर कोर्ट के पास आरोपियों ने शिकायतकर्ता से रिश्वत के संबंध में बातचीत की। उसके बाद 4.50 लाख रुपए की राशि स्वीकार कर ली। इनके रिश्वत स्वीकारते ही एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।