
Ahmedabad: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की गुजरात राज्य शाखा की ओर से शुक्रवार को विश्व रेड क्रॉस दिवस और विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर शाखा के गुजरात अध्यक्ष अजय पटेल ने चार रथों को फ्लैग ऑफ किया। इन रथों के माध्यम से पूरे गुजरात में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
रड क्रॉस रथों का उद्देश्य थैलेसीमिया निवारण के लिए रक्तदान को बढ़ावा देना, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और मानवतावादी सेवाओं के बारे में जनजागरूकता फैलाना है। ये रथ आगामी एक वर्ष तक विभिन्न जिलों और तहसीलों में जाकर जन समुदाय को रेड क्रॉस के संदेशों से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम के दौरान आर्टिफिशियल लिम्ब सेंटर, फिजियोथेरेपी सेंटर, सीनियर सिटीजन होम, वात्सल्य, डिजास्टर मैनेजमेंट और फर्स्ट एड्स प्रदर्शनी के साथ-साथ पैथोलॉजी लेबोरेटरी की भी मुलाकात आयोजित की गई। इस अवसर पर रेड क्रॉस गुजरात शाखा के महासचिव डॉ. प्रकाश परमार, उपसचिव अशोक शीलू समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।