अजमेर. गुरु नानकदेव के प्रकाशोत्सव पर शनिवार को कोटा के अगमगढ़ गुरुद्वारा से नगर कीर्तन अजमेर और पुष्कर पहुंचा। इस दौरान 100 से ज्यादा वाहन शामिल हुए। बाबा लक्खा सिंह और जत्थेबार बाबा बलविंदर सिंह के सानिध्य में कोटा से नगर कीर्तन रवाना हुआ। इसमें अगमगढ़ साहिब के मुख्य ग्रंथी भगवान सिंह और तखत केशगढ़ आनंदपुर के जत्थेदार सुल्तान सिंह भी साथ रहे। नगर कीर्तन बूंदी, केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद होते हुए आदर्शनगर-माखुपुरा पहुंची। यहां स्वागत किया गया। नगर कीर्तन मार्टिंडल ब्रिज, स्टेशन रोड, मदार गेट, पृथ्वीराज मार्ग, सोनीजी की नसियां होते हुए गंज गुरुद्वारा पहुंचा।
सिख समुदाय, व्यापारियों और आमजन ने नगर कीर्तन का कई जगह स्वागत किया। इस दौरान बोले सो निहाल.., धन गुरुनानक…और अन्य जयकारे लगाए गए। कई जगह पुष्पवर्षा की गई। सिख समुदाय के लोगों ने सड़कों को साफ किया। कीर्तन में शामिल जत्थेदारों और सिख समुदाय के लोगों के लिए लंगर व्यवस्था की गई।
अगमगढ़ गुरुद्वारा से 19 साल से नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। यह प्रतिवर्ष अजमेर होते हुए पुष्कर पहुंचता है। इसमें अजमेर सहित विभिन्न जिलों के लोग शामिल होते हैं। सिख समुदाय पुष्कर गुरुद्वारे में प्रकाशोत्सव में शामिल होता है।