ajmer weather : दिनभर तरसाने के बाद बुधवार शाम भादो की घटाएं ताबड़तोड़ बरसीं। करीब एक घंटे की बारिश ने समूचे शहर को जलमग्न कर दिया। जगह-जगह सड़कों-चौराहों पर तेज रफ्तार से पानी उफन पड़ा। बाहरी इलाकों और निचली बस्तियों में गलियों में पानी भर गया। इससे जनजीवन जबरदस्त प्रभावित हुआ। पानी के तेज बहाव से कई जगह वाहनों का जाम लग गया। मौसम विभाग की ओर से 53 मिमी. बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा।शाम 5.50 बजे घटाओं ने ताबड़तोड़ बरसना शुरू कर दिया। तूफानी रफ्तार से वैशाली नगर, पंचशील, शास्त्री नगर, गुलाबबाड़ी, नाका मदार, आदर्श नगर नसीराबाद रोड, ब्यावर रोड, नाका मदार, चंदवरदायी नगर, रामगंज, अजय नगर, तारागढ़, फायसागर और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ बारिश हुई।
सड़कों पर उफन पड़ा पानी
सावित्री चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, मेयो लिंक रोड, राजा साईकिल, अलवर गेट, शास्त्री नगर, पंचशील, केसरगंज, मदन गोपाल मार्ग, रामगंज, सम्राट अशोक उद्यान-जयपुर रोड और क्षेत्रों में पानी पूरे वेग से सड़कों पर उफन पड़ा। ऋषि घाटी, बाबूगढ़ से उफनते पानी ने गंज सर्कल अैार सुभाष उद्यान के सामने तालाब बना दिया। तारागढ़ पहाड़ी क्षेत्र से जबरदस्त पानी उफना। इससे दरगाह बाजार-नला बाजार नहर बन गए।यही हाल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, सिविल लाइंस, टोडरमल मार्ग, बजरंगगढ़ चौराहा पर नजर आया।
स्टेशन रोड-मदार गेट पर भरा पानी
मार्टिंडल ब्रिज की तीसरी भुजा के नीचे पानी उफनने से रोड थम गया। यहां लबालब पानी भरने से ट्रेफिक रुक गया। चौपहिया और तिपहिया वाहन भी इसके नीचे से नहीं निकल सके। यही हाल स्टेशन रोड-मदार गेट पर नजर आया। रोडवेज बस स्टैंड, कांकरदा भूणाबाय, बंद्या गांव, घूघरा घाटी और आसपास के इलाकों में पहाड़ी से पानी बह निकला।
निचले इलाकों में भरा पानी
अंधेरी पुलिया और तोपदड़ा पुलिया में भी पानी का बहाव तेज रहा। प्रकाश रोड नगरा, सुनहरी कॉलोनी, बिहारी गंज, जादूघर, बिहारी गंज, नौ नंबर पेट्रोल पंप, आदर्श नगर इलाके में यही हाल दिखा। घरों-नालियों से उफना पानी गलियों में भर गया। पंचवटी कॉलोनी, सुभाष नगर से सटी कॉलोनी में सड़कों पर पानी बहता रहा।
झील का जलस्तर बढ़ गया
शहर भर में अंदरूनी और बाहरी इलाकों में घरों और पहाड़ी इलाकों से बहता पानी नालों के सहारे आनासागर में पहुंचा। इससे झील का जलस्तर बढ़ गया। काजी का नाला, आंतेड़ का नाला, वैशाली नगर, ब्रह्मपुरी, जवाहर नगर, औंकार नगर, तोपदड़ा नाला, एस्केप चैनल और अन्य क्षेत्रों के नाले में पानी का बहाव तेज बहा।
आनासागर-गौरव पथ पर भरा पानी
क्रिश्चियगंज-रेम्बल रोड से उफनता पानी आनासागर चौपाटी-गौरव पथ पर दोनों ओर पानी भर गया। इससे वाहनों को निकलने में खासी परेशानी हुई। यही हाल वैशाली नगर-गुलमोहर कॉलोनी से सटे इलाके में हुआ। बधिर विद्यालय के निकट सीवरेज चेम्बर उफन पड़ा।
जलानी पड़ी वाहनों की लाइट
काली घटाओं के ताबड़तोड़ बरसने से सड़कों पर एकबारगी कुछ नजर नहीं आया। दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। कई जगह पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को पेड़ों और दुकानों के नीचे रुकना पड़ा।
बारिश के बाद जाम
सड़कों पर पानी भरने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई। दी। लोग अंदरूनी गलियों से होकर निकले तो वाहनों की रेलमपेल लग गई। क्रिश्चियनगंज-गौरव पथ, सिविल लाइंस, गंज चौराहा, मदन गोपाल मार्ग, ट्रांसपोर्ट नगर-केसरगंज, मूंदड़ी मोहल्ला, डिग्गी बाजार, ऊसरी गेट और अन्य इलाकों में पानी उफनता रहा।