पिनान (अलवर). इन दिनों गो तस्करों के लिए सुपर एक्सप्रेस-वे का रास्ता वारदात को अंजाम देने में वरदान सिद्ध होता जा रहा है। बेरोकटोक सरपट दौड़ाते वाहन से गोतस्कर अपने मिशन में कामयाब होते जा रहे हैं। हालांकि गो रक्षक व पुलिस की मुस्तैदी भी गोवंश को बचाने में कामयाब हो रही है। रैणी पुलिस ने अल सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गोवंश से भरे एक ट्रक को पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली की दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पर गोवंश से भरा ट्रक खड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची रैणी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर उसमें भरे 24 गोवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने सभी गोवंश को राजगढ़ स्थित भोरंगी गोशाला में छोड़ दिया। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि सुबह 5.30 बजे दौसा की तरफ से दिल्ली की ओर जा रही एक केन्ट्रा ट्रक में गोवंश का अंदेशा होने पर गो रक्षकों ने उसका पीछा करते हुए एक्सप्रेस-वे के पिलर नम्बर 129-130 के मध्य कानेटी के पास पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे रैणी पुलिस जाप्ता ने 24 गोवंश से भरा ट्रक जब्त कर लिया। पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर चालक व अन्य फरार हो गए। रैणी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गो रक्षकों की सूझबूझ से बची 24 गोवंश की जान
जान हथेली पर रखकर पीछा कर रहे गो रक्षकों ने 24 गोवंश को पुलिस की मदद से मुक्त कराया लिया। समय पर पकड़ी गई केन्ट्रा ट्रक में 16 गाय व 6 सांड ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। जिसमें कुछ घायल भी हो गए। सभी को सुरक्षित गोशाला पहुंचाया गया।