अलवर जिले के बानसूर क्षेत्र में कोटपूतली रोड पर साबी नदी के पास सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ट्रक, बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा करीब 2:30 बजे हुआ, जिसमें ट्रक पलट गया और कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को बचाने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल भेजा गया। अभी तक हादसे में कितने लोग घायल हुए या हताहत हुए हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।