केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव मंत्री बनने के बाद पहली बार अलवर आये हैं। मंत्री यादव शुक्रवार रात में ही अलवर आ गए थे। आज सुबह वे भर्तृहरि धाम और जगन्नाथ मंदिर गए। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने जगन्नाथ मंदिर में पूजा की।
इसके बाद भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मिले। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मंत्री बनने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। आज मंत्री विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद करेंगे। बता दे यादव को मोदी कैबिनेट में वन मंत्रालय का अहम पदभार दिया गया है। अलवर से सांसद चुनने पर उन्होंने अलवर वासियों को धन्यवाद दिया।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने की प्रेसवार्ता
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरिस्का को इको टूरिज्म का हब बनाएंगे। यहां टाइगरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, यह अच्छी खबर है। सरिस्का विश्व पटल पर आगे बढ़ेगा, इसके प्रयास प्रदेश और केंद्र सरकार पूरा करेगी। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कई सवालों का जवाब दिया।
पानी के संकट पर क्या कहा ?
उन्होंने कहा कि वह अलवर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अलवर में उनका निवास होगा। शहर में पानी के संकट को दूर करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक हो गई है। इसके परिणाम बहुत ही जल्द जनता को मिलेंगे।
सरिस्का में अतिक्रमण पर क्या बोले ?
सरिस्का के आसपास सरकारी जमीन पर बने होटल, रेस्टोरेंट व अन्य अतिक्रमण के सवाल पर कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में इको सेंसेटिव जोन घोषित नहीं किया गया। 700 दिनों तक यह प्रस्ताव पड़ा रहा, लेकिन अब हमारी सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही इको सेंसेटिव जोन घोषित होगा। अतिक्रमण पर कार्रवाई होगी। चाहे अतिक्रमण करने वाले अधिकारी हों या कोई अन्य लोग।
एथलीट खिलाड़ियों को सिंथेटिक ट्रैक न मिलने के कारण पलायन करना पड़ रहा, सवाल पर कहा कि सिंथेटिक ट्रैक बनवाऊंगा। खेलों को बढ़ावा मिलेगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत की ओर से दिए गए बयान के सवाल पर कहा कि संघ भाजपा के साथ है। उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। दोनों ही मिलकर काम कर रहे हैं।