No video available
राजगढ़. बांदीकुई-राजगढ़ सड़क के मध्य स्थित रेलवे फाटक एलसी-142 के पास शराब का ठेका खोलने के विरोध में महिलाओं ने तीसरे दिन शुक्रवार को भी धरना देकर प्रदर्शन किया।
रीको औद्योगिक क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास शराब ठेका खोलने के विरोध में आक्रोशित महिलाएं धरने पर सुबह से ही बैठी रहीं। बगीची का बास निवासी जशोदा सैनी, सुमित्रा सैनी, गंगा देवी सैनी ने बताया कि रेलवे फाटक के पास किसी भी हालत में शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।
शराब ठेके के पास हनुमानजी का मंदिर, गर्ल्स कॉलेज और आबादी क्षेत्र है। महिलाएं प्रतिदिन अपने खेतों पर जाती हैं। यदि शराब ठेका उक्त स्थान पर खुलेगा तो आए दिन शराबी उत्पात मचाएंगे, जिससे अशांति पैदा होगी। उक्त शराब ठेके को अन्यत्र खोले जाने की मांग की हैं। शराब ठेका रेलवे फाटक के पास से नहीं हटाए जाने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
रीको औद्योगिक क्षेत्र की बंजारा बस्ती निवासी मोमल बंजारा, चंदो बंजारा, भौंरी देवी बंजारा, रुक्मणि देवी बंजारा, रेशमा बंजारा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि रेलवे फाटक के पास से शराब ठेके को अन्यत्र नहीं खोलने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। बस्ती के अनेक लोग शराब पीने के आदी है, यहां वो शराब पीकर समीप रेल की पटरी व मेगा हाईवे पर चले जाएंगे, जिससे उनकी मौत भी हो सकती है। शराब ठेका उक्त स्थान पर नहीं खुलने दिया जाएगा।