
भर्तृहरि धाम पर श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। भाद्र शुक्ल पक्ष नवमी को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु योगीराज बाबा भर्तृहरि के धाम पर दर्शन करने पहुंचे। नाथ संप्रदाय के पदमनाथ सहित बाबा के भक्तों ने उनकी मूर्ति पर गुलाब के पुष्प अर्पित किए और अलवर जिले सहित प्रदेश व देश में प्रेम और सौहार्द बना रहे, सभी लोग सुख-समृद्धि से रहें, इसकी प्रार्थना की। भक्तों ने बाबा का साफा भी बंधवाया।
अखंड ज्योति में देसी घी और नारियल से धुने में आहुति दी गई। श्रद्धालुओं ने बाबा की परिक्रमा की और भगवान भोलेनाथ के दरबार में जाकर पूरे परिवार के साथ स्नान किया। पदमनाथ ने बताया कि इस बार बारिश के मौसम के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु अन्य जिलों और प्रांतों से यहां आ रहे हैं। यहां पिछले तीन महीनों से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ है, और यह क्रम अभी दो महीने और जारी रहेगा। अलवर जिले का यह धार्मिक स्थल पूरे प्रदेश में सबसे प्रसिद्ध और सबसे लंबे समय तक चलने वाला है, जिससे यहां भक्तों का सैलाब लगातार उमड़ रहा है।