
देशभर में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर उनकी आराधना की। अलवर शहर के प्रमुख शिवालयों में विशेष सजावट की गई थी। भक्तों ने दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्रियों से शिवलिंग का अभिषेक किया। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे। महिलाओं ने भक्ति भाव से मंगल भजन गाए और शिव-पार्वती विवाह की कथा का श्रवण किया। कई जगहों पर भजन संध्याओं का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।