
जयपुर. एससी-एसटी आरक्षण में कोटा लागू किए जाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरोध में बुधवार को प्रस्तावित भारत बंद का कोटपूतली में मिलाजुला असर रहा। सुबह मुख्य मार्ग पर दुकानें बंद रहने के बाद रैली निकाली गई। इसके बाद दुकानें खुल गई। गली मोहल्लों में बंद का असर नहीं रहा। एससी-एसटी समाज के लोगों ने रैली निकाल कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला कलक्टर को सौंपा। बंद के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा है। बाजारों में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। व्यापारिक संगठनों ने व्यापरियों से बंद में सहयोग करने को कहा था। जिस पर सुबह मुख्य मार्ग की दुकानें बंद रही लेकिन रैली के बाद दुकानें खुल गई। इधर, कस्बे के गांधी बाजार व गली मोहल्ले में दुकानें खुली रही। इमरजेन्सी सेवाओं व रोडवेज बसों के संचालन पर बंद का असर नहीं रहा। .
रैली निकाल दिया ज्ञापन….
कस्बे में बंद के दौरान शांति रही। आदिवासी मीणा सेवा संघ के तहसील अध्यक्ष दिनेश मीणा ने बताया कि एससी व एसटी समाज के लोग नगर परिषद पार्क में एकत्रित हुए। वहां से रैली के रूप में नारे लगाते हुए देहली दरवाजा, आजाद चौक, रामभवन होते हुए जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उच्चतम न्यायालय द्वारा आरक्षण को लेकर दिए गए निर्णय को लागू नहीं करने की मांग की गई। एसपी वंदिता राणा ने क्षेत्र का दौरा कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। ज्ञापन देने वालों में सुबेसिंह मोराडि़या, सतीश निमोरिया, दिनेश मीणा, तारा पूतली, उमेश आर्य, छोटूराम सामरिया, सतीश माण्डैया, रतिराम, दीपचंद आर्य, इन्द्राज, भगवान सहाय, राधेश्याम शुक्लाबास, जगमाल यादव, रामनिवास, व रघुबीर यादव आदि शामिल रहे। (नि.सं.)