
जयपुर . राज्य सरकार के पूर्ण बजट में जयपुर ग्रामीण व दूदू जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट भाषण में घोषणाओं का पिटारा खोला और सौगातों की बौछार की। सरकार आने वाले एक साल में दूदू व बगरू क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाएगी। इसके लिए दूदू व जयपुर ग्रामीण के क्षेत्र को जोड़ते हुए 127 करोड़ रुपए की लागत से दूदू-सांभर-भाटीपुरा स्टेट हाईवे का निर्माण किया जाएगा। इसकी दूरी 40 किलोमीटर से अधिक रहेगी। इसके अलावा दूदू विधानसभा क्षेत्र में रसीली-मौजमाबाद-झाग, राताखेड़ा, रामपुराउंती व बगरू सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए 90 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस मार्ग की लंबाई 40 किलोमीटर होगी। इसके साथ ही कालाडेरा-प्रतापपुरा- जालसू-जाहोता-जयरामपुरा की 25 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा जिस पर 40 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके साथ ही बधाल-इटावा-किशनगढ़ रेनवाल से गोविंदगढ़ तक करीब 22 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी।
इस सड़क के निर्माण पर 95 करोड़ रुपए की लागत आएगी। वहीं चाकसू विधानसभा क्षेत्र में विनोदीलालपुरा से डाबिच एवं गोपालपुरा से पीपला तक 12 किलोमीटर की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिस पर 8 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं कोटखावदा से देवसी की ढाणी होते हुए वाया नरोत्तमपुरा से देह लाल तक 6 किलोमीटर की सड़क का निर्माण 3 करोड़ रुपए की लागत से कराया जाएगा।
नाड़ी का फाटक पर बनेगा आरओबी
बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित महिंद्रा सेज के पास 250 फीट व 200 फीट सड़कों का निर्माण 90 करोड़ की लागत से होगा वहीं महापुरा से खटवाड़ा तक 5 करोड़ 34 लाख रुपए की सड़क बनेगी। बजट में नाड़ी का फाटक पर 86.89 करोड़ की लागत से 4 लेन का आरओबी बनाने का ऐलान किया गया है। वहीं सीतावाली फाटक से बैनाड़ फाटक के बीच 14.37 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। सिरसी रोड पर राणा कुम्भा मार्ग से होते हुए सिरसी मोड़ तक एलिवेटेड रोड की डीपीआर बनाई जाएगी। इस पर 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
जयपुर-भीलवाड़ा एक्सप्रेस वे की डीपीआर बनेगी
इसके साथ ही प्रदेश में पहली बार ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा। जिसके तहत जयपुर किशनगढ़ अजमेर जोधपुर एक्सप्रेस वे तथा जयपुर भीलवाड़ा के बीच 193 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे की डीपीआर बनाई जाएगी। साखून से होकर गुजर रहे वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर पर 110 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।