बांसवाड़ा.आनंदपुरी. निष्कलंक भगवान की रथ यात्रा मानगढ धाम पहुंची। जहां जिला प्रमुख रेशम मालवीया, प्रधान हरिशंकर देवतरा एवं समस्त पंचायतो के सरपंचों ने यात्रा का स्वागत किया। तत्पश्चात बेणेश्वर धाम के पीठाधीश अच्युतानंद महाराज ने मानगढ़ धाम पर गुरु गोविंद को नमन कर पूजन किया। मानगढ़ से रथ यात्रा आनंदपुरी कस्बे पहुंवी। जहां सर्वासमाजजनों ने ग्रामीणों का स्वागत किया।
बागीदौरा. श्री हरि मंदिर स्वर्ण शिखर प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री निष्कलंक भगवान रथयात्रा शनिवार शाम बागीदौरा पहुंची। इस दौरान पीठाधीश्वर श्री गोस्वामी अच्युतानंद महाराज ने कस्बे के पुराने बस स्टैण्ड पर स्थित महालक्ष्मी मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद महाराज ने उपस्थित सर्व समाज के लोगों को 27 नवम्बर से बेणेश्वर धाम में आयोजित होने वाली श्री हरि मंदिर स्वर्ण शिखर प्रतिष्ठा व अतिविष्णु महायज्ञ महोत्सव का निमंत्रण दिया। उन्होंने समस्त युवाओं ने अधिक से अधिक स्वयंसेवक बनकर आने का आह्वान किया। इस मौके पर सर्व समाज द्वारा महंत का स्वागत कर आरती उतारी। इस मौके पर बागीदौरा प्रधान सुभाष खराड़ी, पूर्व प्रधान सुभाष तम्बोलिया, पूर्व प्रधान शान्ता गरासिया, सरपंच रुक्मणी आर्य, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन पाटीदार, कांतिलाल शर्मा, नरेन्द्र जोशी सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।
भगवान निष्कलंक की शोभायात्रा आज आएगी
बांसवाड़ा. बेणेश्वर पीठाधीश्वर अच्युतानन्द महाराज के सानिध्य में भगवान निष्कलंक की शोभायात्रा रविवार प्रातः 10.30 बजे बांसवाड़ा शहर में पहुंचेगी। यात्रा के विभिन्न मार्गोे पर स्वागत किया जाएगा। बेणेश्वर धाम शिखर महोत्सव नगर क्षेत्र समिति के प्रवक्ता प्रिन्स पटेल ने बताया कि शोभायात्रा त्रिपुरा सुन्दरी से रवाना होकर प्रातः 10.30 सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा स्थल के पास पहुंचेगी। यहां सर्व समाज के प्रतिनिधियों की ओर से शोभायात्रा की अगवानी की जाएगी। शोभायात्रा अम्बा माता मंदिर से शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए बेणेश्वर प्रस्थान करेगी।