बांसवाड़ा. भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे त्रिपुरा सुंदरी पहुंची। यहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे।
प्रतापगढ़ जिले के गौतमेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हेलीकॉप्टर से वे 12.20 बजे त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के पार्श्व भाग में बने हेलीपेड पर पहुंंची। उनके साथ श्रीचंद कृपलानी भी रहे। यहां उनका जिलाध्यक्ष लाभचंद पटेल, सांसद कनकमल कटारा, विधायक कैलाश मीणा, धनसिंह रावत, पूर्व मंत्री भवानी जोशी, मनोहर पटेल, भूपेंद्र जैन, परमेश्वर मईड़ा, बलवंत पंचाल, हेमेन्द्र पंड्या, करणीसिंह आदि मौजूद रहे। हेलीपेड पर राजे ने महिलाओं से बातचीत की। बाद में वे मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। गौरतलब है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने के पहले और बाद में वसुंधरा राजे त्रिपुरा सुंदरी में पूजा-अर्चना के लिए आती रही हैं। इससे पहले राजे ने गौतमेश्वर पहुंचकर भगवान महादेव की पूजा-अर्चना की।