– डिवाइडर कूदे दोनों वाहन, 11 केवी लाइन के खंभे से बाल-बाल बची बस, एक घंटे लगा जाम
– जयपुर – आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर झर बावड़ी पर हुई घटना
बस्सी. जयपुर – आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे थाना इलाके में झर बावड़ी के समीप सवारियों से भरी एक बस ने आगे चल रहे कंटेनर युक्त ट्रेलर के पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गया, जबकि बस भी नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
नींद में सवारियों में मची चीख-पुकार::::
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। जैसे ही जोरदार झटका लगा, बस में सवार लोग अचानक जाग उठे और चीख-पुकार मच गई। यात्री घबराकर सीटों को पकड़ते नजर आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
टक्कर के बाद दोनों वाहन हुए अनियंत्रित::::
जानकारी के अनुसार दौसा से जयपुर की ओर एक ट्रेलर कंटेनर लेकर जा रहा था। इसी दौरान झर बावड़ी के पास आगे चल रहे इस कंटेनर युक्त ट्रेलर से पीछे से आ रही बस टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और उसका एक टायर फट गया, जिससे वह डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर चला गया। वहीं बस भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई खेत में जा घुसी और वहीं रुक गई।
बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बचे यात्री:::
हादसे के दौरान बस जिस खेत में जाकर रुकी, वहां पास ही बिजली का खंभा लगा हुआ था, जिस पर 11 केवी की लाइन गुजर रही थी। यदि बस खंभे से टकरा जाती या खंभा टूटकर तार बस पर गिर जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली कि बड़ा अनर्थ टल गया।
एक घंटे तक लगा रहा जाम::::
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। क्रेन की मदद से सड़क पर खड़े ट्रेलर को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु हो सका। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और दोनों वाहनों को हटवाया। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और लापरवाही सामने आ रही है। (कासं / निसं)