
आंधी के दादू बाजार में अधूरा पड़ा अटल पथ। फोटो पत्रिका
जयपुर। आंधी कस्बे में जयपुर रोड स्थित दादू बाजार मोड़ से दौसा-मनोहरपुर राजमार्ग पर सानकोटड़ा मोड़ तक करीब दो करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अटल पथ इन दिनों अतिक्रमण के कारण अधर में लटका हुआ है। मुख्य दादू बाजार में करीब आधा किलोमीटर हिस्से में दुकानदारों के अतिक्रमण से निर्माण कार्य पूरी तरह बाधित है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अटल पथ की स्वीकृति पर ग्रामीणों में जो उत्साह था, वह अब मायूसी में बदलने लगा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत प्रशासन ने दादू बाजार क्षेत्र में सर्वे कर 108 दुकानों के अतिक्रमण चिन्हित किए और रेड मार्किंग के साथ नोटिस भी जारी किए, लेकिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों का सहयोग और पर्याप्त पुलिस जाप्ता नहीं मिल पाने से स्थिति बनी हुई है।
यह अटल पथ मार्ग क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों को आंधी कस्बे से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। रोजाना हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन दादू बाजार में अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है और यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है।
बाजार क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। छोटे वाहनों को निकालना भी मुश्किल हो जाता है और कई बार वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाने और अटल पथ निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम और असुविधा से राहत मिल सके।
निर्माणाधीन अटल पथ में मुख्य दादू बाजार में पौने चार मीटर चौड़ी सीसी सड़क और दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ी फुटपाथ का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन अतिक्रमण के चलते केवल 12-13 फीट जगह ही खाली है, जिससे काम रुका हुआ है। अतिक्रमण हटने पर निर्माण फिर शुरू होगा।
—गौरव मित्तल, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग
अतिक्रमण के कारण दादू बाजार में अटल पथ निर्माण कार्य बंद है। ग्राम पंचायत प्रशासन सहित संबंधित अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा चुकी है।
—त्रिलोक शर्मा, संवेदक
दादू बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध उच्चाधिकारियों से किया गया है। जाप्ता मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
—कलावती देवी शर्मा, प्रशासक, ग्राम पंचायत आंधी
Updated on:
22 Apr 2026 03:14 pm
Published on:
22 Apr 2026 03:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
