बस्सी. शहर की पुरानी रीको इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते प्लाईवुड की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, छोटी मशीनें व बिजली फिटिंग की लाइन जलकर राख हो गई। आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
फैक्ट्री मालिक संजीव चौधरी ने बताया कि उनकी प्लाईवुड फैक्ट्री पुरानी रीको क्षेत्र में स्थित है। रविवार देर शाम अचानक शॉर्ट सर्किट होने से फैक्ट्री में आग लग गई। शुरुआत में आग धीमी थी, लेकिन अंदर रखी लकड़ियों और प्लाईवुड में आग पकड़ने के बाद लपटें तेजी से फैल गईं। कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं व लपटें दिखाई देने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना पर करीब 20 से 25 मिनट के भीतर दमकल मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद मशीनें और विद्युत फिटिंग तक पूरी तरह जल गईं।
फैक्ट्री मालिक ने बताया कि आग से हुए नुकसान का सही आंकलन सर्वे के बाद ही सामने आएगा, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और देर तक आग बुझाने का कार्य चलता रहा।
कई बार लग चुकी है आग::: बस्सी में नई व पुरानी रीको इण्डस्ट्रीज एरिया में प्लाईउड व अन्य उत्पादक फैक्टि्रयों में पहले भी आगजनी की वारदात कई बार हो चुकी है। रीको प्रशासन ऐसी वारदातों से निपटने के लिए सार्थक कदम नहीं उठा रहा है। यहां पर मात्र दो ही दमकल है। यही दमकल इलाके में कहीं दूसरी जगह आगजनी की वारदात होती है तो वहां भी जाती है। ऐसे में जयपुर से दमकलें बुलानी पड़ती है। जबकि आग जब विकराल रू धरण कर लेती है तो हालात बिगड़ जाते हैं। (कासं )