17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्सी

मंडी में गूंजे दुकानों की नीलामी के बोल, दुकानों के लिए किसानों-व्यापारियों में रही होड़

– सबसे अधिक एक दुकान की 64 लाख 50 हजार की बोली बस्सी. कृषि मंडी तूंगा की अनाज व फल – सब्जी मंडी की 31 रिक्त व्यावसायिक दुकानों के लिए मंगलवार को बस्सी शहर स्थित टमाटर मंडी प्लेटफॉर्म पर नीलामी कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीलामी में भाग लेने के लिए क्षेत्र भर से सैकड़ों किसान […]

Google source verification

– सबसे अधिक एक दुकान की 64 लाख 50 हजार की बोली

बस्सी. कृषि मंडी तूंगा की अनाज व फल – सब्जी मंडी की 31 रिक्त व्यावसायिक दुकानों के लिए मंगलवार को बस्सी शहर स्थित टमाटर मंडी प्लेटफॉर्म पर नीलामी कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीलामी में भाग लेने के लिए क्षेत्र भर से सैकड़ों किसान और व्यापारी पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही। अनाज व फल – सब्जी मण्डी इन दुकानों में जितनी दुकानों की बोली लगाई गई, उनमें से एक दुकान की बोली 64 लाख 50 हजार की छूटी। कई दुकानों की बोली 45, 50 लाख तो कईयों की 55 लाख रुपए तक भी पहुंच गई,जो निर्धारित दर से काफी अधिक रही।

उपखण्ड अधिकारी डॉ. गरिमा शर्मा की मौजूदगी में नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत हुई। जैसे-जैसे दुकानवार बोली लगनी शुरू हुई, वैसे-वैसे प्रतिभागियों में उत्सुकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ती गई। मंडी प्रशासन के कर्मचारी आवेदनकर्ताओं के नाम पुकारते हुए एक-एक दुकान की नीलामी आगे बढ़ा रहे थे। बस्सी और तूंगा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग इस प्रक्रिया के साक्षी बने।

मण्डी सचिव सुभाष महावर ने बताया कि अनाज मंडी की दुकानों में एक दुकान दिव्यांग कोटे, 6 दुकानें एसटी वर्ग और 9 दुकानें अन्य श्रेणियों के लिए आरक्षित थी। वहीं फल-सब्जी मंडी में 15 दुकानों की नीलामी हुई, जिनमें 2 दुकानें एससी, 2 दुकानें एसटी और 11 दुकानें सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित थीं।

मंडी प्रशासन के अधिकारियों ने नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी और सफल बताया। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी दुकानों की बोली लगाई गई और अच्छी प्रतिस्पर्धा के चलते राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है।

दिनभर चली इस नीलामी में उत्साह का माहौल बना रहा और अंत तक बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस आयोजन से मंडी क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिव्यांग कोटे की दुकान ने खींचा ध्यान:::::

नीलामी के दौरान सबसे अधिक आकर्षण दिव्यांग कोटे की दुकान को लेकर रहा। इस दुकान की सरकारी दर 2.31 लाख रुपए थी, लेकिन बोली 11 लाख रुपए से शुरू हुई और अंततः 33 लाख 80 हजार रुपए तक पहुंच गई। करीब आधा दर्जन आवेदकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बोली के दौरान प्रतिभागी कभी 10 हजार तो कभी 50 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी कर रहे थे। अंत में यह दुकान अखिलेश कुमार के नाम रही।

नीलामी में भाग लेने वाले व्यापारियों व किसानों ने बताया कि मंडी क्षेत्र में व्यापार की संभावनाओं को देखते हुए दुकानों के लिए इतनी ऊंची बोली लगाई गई है। वहीं किसानों का कहना है कि मंडी में बेहतर सुविधाएं मिलने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। (कासं )