
बाजारों में सन्नाटा, सड़कों पर घटा ट्रैफिक; अस्पतालों में बढ़े उल्टी-दस्त के मरीज
बस्सी. जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में नौतपा ने बुधवार को अपना प्रचंड रूप दिखाया। भीषण गर्मी के चलते मानो दिन में ‘कर्फ्यू’ जैसा माहौल बन गया। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। तपती धूप और लू के थपेड़ों के कारण सुबह 11 बजे के बाद ही सड़कों पर आवाजाही लगभग थम सी गई, वहीं बाजारों में भी सन्नाटा पसरा नजर आया।
तेज गर्मी के असर से आमजन की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। लोग अब सुबह और शाम के समय ही जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या में भारी कमी देखने को मिली। आमतौर पर व्यस्त रहने वाले बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया।
सुबह-शाम ही दिख रही चहल-पहल:::
नौतपा के चलते ज्यों-ज्यों सूरज चढ़ता गया गर्मी का असर तेज होता गया है। ऐसे में लोग सुबह जल्दी खरीदारी और अन्य काम निपटाकर घर लौट रहे हैं। शाम ढलने के बाद ही बाजारों में कुछ रौनक लौटती दिख रही थी। दुकानदारों का कहना है कि दोपहर के समय ग्राहकी लगभग खत्म हो जाती है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
हाइवे पर भी कम हुआ ट्रैफिक:::
भीषण गर्मी के चलते न केवल शहर के अंदर बल्कि जयपुर-आगरा सहित अन्य प्रमुख हाइवे पर भी यातायात कम हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहन ही नजर आते हैं। लंबी दूरी के वाहन चालक भी धूप से बचने के लिए सफर का समय बदल रहे हैं।
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़::::
इधर तेज गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी साफ नजर आ रहा है। क्षेत्र के सरकारी व निजी अस्पतालों में पेट दर्द, उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है। चिकित्सकों की माने तो तेज गर्मी में खान-पान में लापरवाही और दूषित पानी के सेवन से ये बीमारियां बढ़ रही हैं।
चिकित्सकों की सलाह: सावधानी ही बचाव
उपजिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
हल्का व सुपाच्य भोजन लें और बासी खाने से परहेज करें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और धूप से बचाव करें। थोड़ी सी लापरवाही भी हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और मौसम के इस प्रकोप से बचने के लिए आवश्यक एहतियात अपनाएं। फिलहाल बस्सी सहित पूरे जयपुर ग्रामीण में गर्मी का कहर जारी है और लोग राहत की बारिश का इंतजार कर रहे हैं।