11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बस्सी
मौसम: दिनभर बादलों की लुकाछिपी, फसल समेटने में जुटे रहे किसान
Play video

मौसम: दिनभर बादलों की लुकाछिपी, फसल समेटने में जुटे रहे किसान

बस्सी . जयपुर ग्रामीण के बस्सी, चाकसू और जमवारामगढ़ उपखंड क्षेत्र में शनिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे और दिनभर बादलों की लुकाछिपी जारी रही। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसल को सुरक्षित रखने के लिए किसान दिनभर मशक्कत करते नजर आए।

क्षेत्र के दूधली सहित आसपास के गांवों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव के बाद किसानों ने खेतों का रुख कर लिया और कटाई की गति बढ़ा दी। कई जगह किसान कटी हुई गेहूं की फसल को इकट्ठा कर सुरक्षित स्थानों पर रखने में जुटे रहे।

इन दिनों इलाके में गेहूं और जौ की फसलों की कटाई का काम जोरों पर चल रहा है। वहीं कई खेतों में चने और जौ की फसल की थ्रेसिंग भी की जा रही है। कहीं फसल खेतों में ढेर के रूप में रखी हुई है तो कहीं कटी हुई फसल खेतों में बिखरी पड़ी है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से दो दिन के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है और कटाई का दौर चल रहा है। यदि इस दौरान बारिश हो जाती है तो खेतों में पड़ी कटी हुई फसल को भारी नुकसान हो सकता है। इसी आशंका के चलते किसान तेजी से फसल काटकर उसे सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

कई किसान मजदूरों की मदद से हाथों से कटाई कर रहे हैं, जबकि कुछ किसान कंबाइन और अन्य मशीनों के जरिए जल्दी-जल्दी फसल समेटने का प्रयास कर रहे हैं। खेतों में सुबह से देर शाम तक किसानों की गतिविधियां बढ़ी हुई दिखाई दीं।

मौसम में आए इस बदलाव से इलाके के किसानों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल किसान यही उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम साफ बना रहे, ताकि उनकी मेहनत से तैयार फसल सुरक्षित घर तक पहुंच सके और किसी तरह का नुकसान नहीं हो।

बड़ी खबरें

View All

बस्सी

राजस्थान न्यूज़