ब्यावर. ब्यावर, मसूदा, बिजयनगर, जैतारण, रायपुर व बदनोर क्षेत्र के लाखों लोगों का दशकों पहले देखा गया सपना सोमवार को पूरा हुआ। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल कार्यक्रम में ब्यावर जिले की शुरुआत की। जिले के आगाज की घोषणा होते ही शहरवासियों का उत्साह परवान पर पहुंच गया। पांडाल आतिशबाजी व पुष्पों की वर्षा से अट गया। शहरवासियों की तालियों की गड़गड़ाहट से पांडाल गूंज उठा। जिला स्थापना समारोह के छह उपखंड की सात तहसीलों के 191 ग्राम पंचायतों के 770 राजस्व ग्राम के हजारों लोग इसके साक्षी बने। अतिथियों ने ब्यावर जिले का डाक टिकट भी जारी किया।
कार्यक्रम में मंत्री मुरारीलाल मीणा ने भी शिरकत की। इसके अलावा नवसृजित जिले के सभी उपखंड के जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शहर के मिशन ग्राउंड में सोमवार को ब्यावर जिला स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मंत्री मुरारीलाल मीणा ने कहा कि ब्यावर जिले की मांग दशकों पुरानी है। लम्बे समय के इंतजार के बाद मांग पूरी होती है तो उसका महत्व भी अधिक होता है। ब्यावर के जिला बनने से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। आमजन को राज से संबंधित काम के लिए दूरदराज जाने की समस्या से निजात मिलेगी।इससे पहले नवसृजित ब्यावर जिले के पहले कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके अलावा नवसृजित जिले में शामिल क्षेत्र की जानकारी भी दी। कलक्टर तोमर ने कहा कि ब्यावर जिले में छह उपखंड, सात तहसील, पांच पंचायत समितियां, 191 ग्राम पंचायतें, 770 राजस्व ग्राम व छह विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।
समारोह को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल संबोधित किया। जिले के स्थापना दिवस समारोह पर विधिवत यज्ञ कर आहुतियां दी गईं। सर्वधर्म की प्रार्थना हुई। ब्यावर जिला समृद्ध व विकसित बने इसकी सबने मंगल कामना की। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल रिमोट कंट्रोल से नवीन जिलों के शिलापट्ट का अनावरण किया तो पांडाल तालियों से गूंज उठा। शहरवासियों का उत्साह परवान पर था। शहरवासियों ने अशोक गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद सर्वधर्म की प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सभी धर्म के धर्मगुरुओं ने संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सीबीईओ श्रीनगर राकेश कटारा ने किया।यह रहे मौजूद
इस अवसर मुख्यमंत्री के सलाहकार निरंजन आर्य, मगरा विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं वित्त आयोग सदस्य डॉ. लक्ष्मणसिंह रावत, ब्यावर विधायक शंकरसिंह रावत, मसूदा विधायक राकेश पारीक, पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी, भीम विधायक सुदर्शनसिंह रावत, जैतारण विधायक अविनाश गहलोत, आसींद विधायक जब्बरसिंह, सोजत विधायक शोभा चौहान, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक माणक डाणी, सभापति नरेश कनौजिया, जवाजा प्रधान गणपतसिंह रावत, रायपुर प्रधान कमला चौहान, जैतारण प्रधान मेघाराम सोलंकी, बदनोर प्रधान ऐश्वर्या रावत, भीम प्रधान विरमसिंह, कांग्रेस नेता पारस पंच, मनोज चौहान, ब्यावर लघु उद्योग संघ अध्यक्ष आशीषपाल पदावत सहित अन्य मौजूद रहे। समारोह में अजमेर जिला कलक्टर भारती दीक्षित, अजमेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, उपखंड अधिकारी मृदुलसिंह, रायपुर उपखंड अधिकारी सुरेशकुमार, जैतारण उपखंड अधिकारी श्यामसुंदर विश्नोई, मसूदा उपखंड अधिकारी भरतकुमार, तहसीलदार मोहनसिंह राजावत, जैतारण सीओ सीमा चौपडा, मसूदा सीओ राजेश कसाणा, शहर थानाधिकारी भूराराम खिलेरी सहित अन्य मौजूद रहे।कलश यात्रा निकाली
ब्यावर जिला के स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष में सोमवार को कांग्रेस नेता मनोज चौहान के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा शाहपुरा मोहल्ला से शुरु हुई। जो चांगगेट, सहायक पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए मिशन ग्राउंड पहुंची। इसमें बडी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिए शामिल हुईं। इस जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लिए चल रहे थे। इसी प्रकार जैतारण से पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी भी कारों के काफिले के साथ ब्यावर पहुंचे। समारोह में लोग नाचते, गाते एवं डीजे पर थिरकते हुए पहुंचे।तैनात रहा पुलिस जाब्ता
कार्यक्रम स्थल मिशन ग्राउंड के बाहर पुलिस का लवाजमा मौजूद रहा। जो यहां पर व्यवस्था को संभाल रहा था। वाहनों की आवाजाही में परेशानी नहीं हो। इसको लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर भगत चौराहा तक पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इस कार्यक्रम में सीओ स्तर के अधिकारी व्यवस्था में लगे रहे।ब्यावर जिला : आंकड़े एक नजर
उपखंड – छह
तहसील – सात
पंचायत समिति- पांच
कुल ग्राम पंचायत- 191
कुल राजस्व ग्राम- 770
विधानसभा- 6
जनसंख्या – 11 लाख 30 हजार 683
पुरुष – 5 लाख 71 हजार 475
महिला- 5 लाख 59 हजार 208
क्षेत्रफल – 454978
भू-अभिलेख निरीक्षक वृत – 50
पटवार मंडल – 209नगर पालिका – 2
नगर परिषद – 1