
मृतक पप्पू सिंह। फाइल फोटो- पत्रिका
ब्यावर। ब्यावर जिले के रायपुर उपखंड क्षेत्र की अमरपुरा ग्राम पंचायत के राजस्व गांव लालपुरा निवासी एक प्रवासी मजदूर की ओमान में ड्रोन हमले में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गांव में शोक की लहर छा गई।
रायपुर उपखंड अधिकारी सुमित्रा बिश्नोई ने बताया कि सेंदड़ा थाना क्षेत्र के राजस्व गांव लालपुरा निवासी पप्पू सिंह (50) पुत्र देवी सिंह रोजगार के लिए ओमान गए हुए थे। इसी दौरान वहां चल रहे युद्ध जैसे हालात में हुए ड्रोन हमले की चपेट में आने से कार्य के दौरान उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर राजस्थान सरकार के निर्देश पर उपखंड अधिकारी शनिवार शाम मृतक के गांव लालपुरा पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा आवश्यक दस्तावेज भी जुटाए। इस दौरान अमरपुरा के पूर्व सरपंच व सरपंच प्रतिनिधि शकरुद्दीन काठात, वार्ड पंच राजू काठात, मुकेशा सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
घटना के बाद अमरपुरा के पूर्व सरपंच शकरुद्दीन काठात के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर गहलोत ने दूरभाष पर भारतीय दूतावास से संपर्क कर मृतक के शव को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव लाने का आश्वासन दिया।
मृतक पप्पू सिंह के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह वीडियो भी देखें
ब्यावर जिला कलक्टर कमलराम मीना ने बताया कि ओमान की राजधानी मस्कट के शोहरनगर में हुए ड्रोन हमले में ब्यावर जिले के लालपुरा निवासी पप्पू सिंह की मृत्यु की सूचना मिली है। एमबीसी के माध्यम से ओमान प्रशासन से संपर्क किया गया है और शव को भारत लाने की प्रक्रिया की जा रही है।
Published on:
15 Mar 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allब्यावर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
